
कोटला, स्वयंम
उपमंडल जवाली के अधीन पंचायत कोठीबंडा के गांव मस्तगढ़ में रविवार को हर तरफ चीख-पुकार ही सुनाई दे रही थी तथा हर किसी की आंख नम थी। मस्तगढ़ गांव में रविवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अर्थी उठी। घर में तीनों के शव पहुंचते ही हर किसी की आंखें आंसुओं के सैलाब में डूब गईं।
तीनों की अर्थियां उठने का मंजर किसी को भी भूल नहीं पाएगा। शनिवार को जौंटा में कार व सैन्य जिप्सी की टक्कर हो गई थी जिसमें सतविंदर सिंह (40), चंपा देवी (38) की मौका पर ही मौत हो गई थी जबकि उनकी बेटी गुरलीन कौर (16) व बेटा यशप्रीत (10) व रिश्तेदार रानी देवी (45), स्नेहलता (50) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
गुरलीन कौर ने भी शनिवार रात को दम तोड़ दिया तथा बेटे यशप्रीत की बाजू फ्रेक्चर हुई है जिसको छुट्टी दे दी गई है। यशप्रीत भी अपने घर पहुंचा लेकिन हादसे को देखकर वह काफी सहमा हुआ है। अपने माता-पिता व बहन की मौत से वह काफी सहमा हुआ दिखा।
रविवार को पति-पत्नी व उनकी बेटी का शव उनके गांव मस्तगढ़ में पहुंचा तथा एक ही परिवार से तीन अर्थियां उठने का मंजर देखकर हर किसी का दिल पसीज गया। इस मंजर को कोई भी भुला नहीं पाएगा। । मृतक सतविंदर सिंह के छोटे भाई गुरजीत सिंह ने शवों को मुखाग्नि दी।
जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ने शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दी।
