
शिमला – नितिश पठानियां
शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक और दिवंगत पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ राजस्थान के उदयपुर की एक स्थानीय अदालत ने घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है।
विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी सुदर्शना ने 17 अक्टूबर को घरेलू अधिनियम की धारा 12 के तहत शिकायत दर्ज करवाई थी।
उदयपुर की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में यह मामला सुनवाई के लिए 17 नवंबर 2022 को लगा था। लेकिन पहली सुनवाई में प्रतिवादी कोर्ट में पेश नहीं हुए थे।
अब अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी करते हुए 14 दिसंबर 2022 को मामले में सुनवाई तय की है। मामले के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय के बाद उसके साथ घरेलू हिंसा की गई।
बता दें कि विक्रमादित्य सिंह ने मेवाड़ राजवंश की राजकुमारी सुदर्शना चुंडावत से वर्ष 2019 में विवाह किया था। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मृत्यु के समय सुदर्शना को उनके ससुराल वालों के साथ देखा गया था।
वीरभद्र सिंह की मृत्यु जून 2021 में हुई थी। उसके बाद से विक्रमादित्य सिंह और सुदर्शना अलग रह रहे हैं। विक्रमादित्य को वीरभद्र की मृत्यु के बाद रामपुर बुशहर रियायत का राजा बनाया गया था। विक्रमादित्य सिंह की माता रानी प्रतिभा सिंह हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।
वीरभद्र की पत्नी और रानी प्रतिभा सिंह ने इस साल मंडी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को हराया था। पिछले दिनों हुए हिमाचल विधानसभा चुनाव में विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण सीट पर 13,860 मतों के अंतर से जीत हासिल की है।
