कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के बजाए आंखें मूंद कर बैठी है सरकार
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के बजाए प्रदेश सरकार आंखें मूंदकर बैठी है।
आपराधिक तत्वों के साथ ही नशा और खनन माफिया के हौसले बुलंद हाे रहे हैं। महेंद्र धर्माणी ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा बुलंद करके सत्ता में आई कांग्रेस अब तक कार्यकाल व्यवस्था बिगाड़ने वाली ही साबित हुई है। 13 महीने की अवधि में कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है।
असामाजिक और आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। चंबा में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बद्दी में दिनदहाड़े गोलीकांड हुआ। सुनसान जगहों पर तो छोड़ो, वाहनों की आवाजाही के लिहाज से अत्यधिक व्यस्त फोरलेन और नेशनल हाईवे पर भी लूटपाट जैसी आपराधिक गतिविधियां सामने आ रही हैं।
सरकारी दबाव की वजह से प्रशासन सब कुछ देखते हुए भी मूक दर्शक बना हुआ है। कांग्रेस के कई विधायक और नेता भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं। बेहतर होगा कि सरकार कानून व्यवस्था सुधारने के लिए समय रहते कारगर कदम उठाए, अन्यथा आने वाले समय में इसके नतीजे गंभीर हो सकते हैं।