धर्मशाला – हिम ख़बर डेस्क
जिला कांगड़ा में शनिवार को कोरोना के 16 नए मामले आने के साथ संक्रमित मरीजों की संख्या 67 पहुंच गई है। सभी मरीज होम आईसोलेशन में हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिए गए 173 सैंपलों में 16 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि शनिवार को जिला कांगड़ा में 173 सैंपल लिए गए। रैट के जरिए 101 मरीजों का टेस्ट किया गया, जिनमें से 14 में कोरोना वायरस पाया गया है। इसके अलावा ट्रूनट के जरिए लिए गए एक सैंपल में संक्रमित नहीं पाया गया है।
आरटीपीसीआर के जरिए 71 लोगों का परीक्षण किया गया, जिसमें दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में शनिवार को किसी भी संक्रमित ने कोरोना को मात नहीं दी है।
जिले में अब तक 10,48,796 सैंपल भरे जा चुके हैं, जिसमें से 70,822 में कोरोना वायरस पाया गया था, जबकि 69,481 मरीज कोरोना वायरस को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं।
इसके अलावा 1266 व्यक्तियों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में अभी तक कोरोना संक्रमण के अधिक मामले नहीं हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है।
जिले के टांडा मेडिकल काॅलेज में आईसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं, जबकि जरूरत पड़ी तो अन्य क्षेत्रों में वार्ड बनाए जाएंगे।

