
इंदौरा – शम्मी धीमान
उपमंडल इंदौरा के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शराब का कारोबार धड़ल्ले से फल फूल रहा है। सुरजपुर, मोहटली, भोजपुर, मलोट, छन्नी, भदरोआ, टिपरी, हगवाल, राजा खासा, इंदपुर, मंड घंडरां आदि क्षेत्रों में शराब की तस्करी की जा रही है।
शराब का सेवन करने वाले लोग जगह-जगह हुड़दंग मचाकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। कई स्थानों पर खुलेआम भट्ठियां लगाकर कच्ची शराब लाहण तैयार की जा रही है। इसकी सूचना होने के बावजूद भी पुलिस कारवाई नहीं कर रही है।
वहीं पंचायतों का रवैया भी उदासीन ही है। पंचायतों की नशा निवारण समितियां भी सक्रिय नजर नहीं आ रही हैं। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि शराब के कारोबार पर कार्रवाई की जाए।
नवदीप कौर, प्रधान, इंदपुर पंचायत के बोल
राजा खासा में सरेआम कच्ची शराब बनाई जा रही है। अवैध कारोबार बंद होना चाहिए। प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
पुष्पा देवी, प्रधान, महिला मंडल मलोट के बोल
शराब के कारोबारियों की डमटाल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। शराब का अवैध कारोबार बंद होना चाहिए।
दीपक ठाकुर, महासचिव, ब्लाक कांग्रेस कमेटी इंदौरा के बोल
राजा खासा में शराब का कारोबार चरम सीमा पर है। घर-घर में माफिया शराब की सप्लाई कर रहे हैं। प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।
रचना पठानिया, महिला मंडल सचिव मलोट के बोल
शराब माफिया को प्रशासन का खौफ नहीं है। घोड़न पंचायत के अधीन मलोट में शराब का कारोबार धड़ल्ले से फलफूल रहा है।
डा. खुशहाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा के बोल
शराब के कारोबारियों पर पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है। यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। शराब के कारोबार को बढ़ने नहीं दिया जाएगा।
