
चंबा – अनिल संबियाल
जिला चंबा के पैरा स्पोट्र्स खिलाड़ी अजय शर्मा तीन से आठ जुलाई तक कजाकिस्तान में होने वाली विश्व पैरा सिटिंग वॉलीबाल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अजय जिला चंबा के इकलौते खिलाड़ी होंगे, जो भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे। बता दें कि अजय बचपन से क्रिकेटर बनना चाहते थे।
अंडर- 16 व अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिताओं में जमकर पसीना बहाने के बाद अजय अचानक एक हादसे का शिकार हुए। वर्ष 2017 में वह करंट की चपेट में आ गए।
नौ दिन तक बेहोश रहने के बाद जब उन्हें होश आया तो शरीर लगभग साथ छोड़ चुका था और चिकित्सकों ने अजय की एक टांग काटने का परामर्श दिया था, लेकिन अजय के बड़े भाई नितिन और जीजा नबू शर्मा ने उन्हें टांडा व चंडीगढ़ पहुंचाकर उनका इलाज करवाया।
लगभग आठ आप्रेशनों के बाद अजय की टांग बचा ली गई। इस बड़े हादसे के बावजूद भी अजय ने हिम्मत नहीं हारी। अजय अब तक पांच राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं और दो पैरा स्पोट्र्स प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
अजय ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों, कोच ललित ठाकुर, नरेंद्र व रवि चौहान को दिया है।
