नशे से छुटकारा पाना है तो डायल करें 01893-292136
नूरपुर – स्वर्ण राणा
पुलिस तथा प्रशासन द्वारा नशे के जड़ से खात्मे के लिए शुरू की गई ‘सारथी’ मुहिम के सार्थक परिणाम मिलने के उपरांत इसके तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर में हेल्पलाइन नंबर स्थापित किया गया है, जिसका शुभारंभ मंगलवार को एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह ने किया।
इस हेल्पलाइन नंबर 01893-292136 पर कोई भी व्यक्ति नशे से संबंधित सूचना दर्ज करवा सकता है। इसके अतिरिक्त नशे से पीडि़त व्यक्ति नशे से छुटकारा पाने एवं समाज की मुख्य धारा में जुडऩे के लिए मदद भी ले सकता है, जिसके लिए प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उस व्यक्ति को नशे की लत से छुटकारा दिलाने में डाक्टरों द्वारा काउंसिलिंग करने के साथ हर संभव सहायता की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि नशे के खात्मे में समाज की अहम भमिका रहती है। उन्होंने लोगों तथा पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में चल रहे नशे की अवैध कारोबार तथा इस से पीडि़त व्यक्तियों की सूचना पुलिस तथा प्रशासन को देकर सारथी मुहिम का हिस्सा बने।
सारथी मुहिम के अंतर्गत प्रशासन द्वारा पंचायतों में नशे के खिलाफ जागरूकता शिवरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत मंगलवार को एसडीएम गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में थोड़ा तथा बदूही पंचायतों में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने लोगों से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए इसे जन आंदोलन बनाने की अपील की।

