बिलासपुर – सुभाष चंदेल
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर के छात्रों का पाठशाला पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। अंडर 19 छात्र वर्ग की जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं जोकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर में संपूर्ण हुई। वहां इन छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एथलेटिक्स की ट्रॉफी पर अपना कब्जा किया।
पाठशाला के डीपीई कपिल देव ठाकुर ने बताया कि छात्रों ने एथलेटिक्स में अद्भुत खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का सपना साकार किया। कृष कुमार भारद्वाज ने 100 मीटर, 200 मीटर की दौड़ में और लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक प्राप्त किया तथा ट्रिपल जंप में कांस्य पदक जीता।
कार्तिक कौशल ने 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। वरुण ने शॉट पुट में कांस्य पदक जीता। 4×100 मीटर तथा 4 × 400 मीटर रिले रेस में कार्तिक, कृष, ओम और अभिषेक ने अपना दबदबा कायम रखते हुए रिले रेस के दोनों वर्गों में रजत पदक जीते।
जूडो खेल में पाठशाला के अमन ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, शशि ने 66 किलोग्राम, अमित ने 73 किलोग्राम, देवेश ने 91 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीते, देवेश ने कुश्ती और बॉक्सिंग में भी दो कांस्य पदक जीते। अमन को जूडो खेल में “सर्वश्रेष्ठ जूडोका” तथा औहर स्कूल के कृष कुमार भारद्वाज को जिला का “सर्वश्रेष्ठ धावक” होने का खिताब दिया गया।

पाठशाला पहुंचने पर छात्रो का हार पहना कर एवं ढोल नगाड़ों के द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नीलम वर्मा ने खिलाड़ी छात्रों, डीपीई कपिल ठाकुर, समाजसेवी एवं खेल प्रशिक्षक प्रेम ठाकुर को बधाई दी। उन्होंने खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आवाहन किया।
उन्होंने कहा कि खेलों में आज सुंदर करियर छिपा हुआ है। आप खेल क्षेत्र में कठिन मेहनत करके एक अच्छे खिलाड़ी बनकर अपना एवं देश का नाम रोशन कर सकते हो।

ये रहे उपस्थित
इस मौके पर सुपरिटेंडेंट मनोज कुमार चंदेल, संजीव भारद्वाज, सुनील कुमार, राजीव, मीनाक्षी शर्मा, जीवनलता, ओंकार , संतोष धीमान, सुरेखा गौतम, गोपाल, कुलदीप चंदेल, नीलम ठाकुर, अमनप्रीत कौर, सरोज शर्मा, रेखा एवं अन्य अध्यापक मौजूद रहे, सभी ने छात्रों को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

