पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किए अंतरराज्यीय गैंग के दो शातिर, अन्य साथी भी जल्द दबोचे जाएंगे
पालमपुर – नवीन शर्मा
प्रदेश में एटीएम कार्ड बदल कर पैसे चोरी करने वाला एक गिरोह काफी समय से सक्रिय है। पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर क्षेत्र से दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने और कई मामलों से पर्दा हटने की संभावना बन गई है।
जानकारी के अनुसार इस गिरोह के चार सदस्यों ने 12 मार्च को पालमपुर डाढ व गोपालपुर में एटीएम में जाकर एटीएम बदलने की घटना को अंजाम दिया तथा ड़ाढ में एक बुजुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाकर एटीएम कार्ड बदलकर 66 हजार रुपए निकाल लिए गए।
जिस पर पुलिस थाना पालमपुर में मुकदमा अधीन धारा 379,420 के तहत पंजीकृत हुआ। मुकदमे का अन्वेषण उप निरीक्षक हेम चंद द्वारा अम्ल में लाया गया तथा घटना स्थल व इसके आस पास साक्ष्य जुटाये गये।
अन्वेषण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मयंक चौधरी के दिशा निर्देशों पर एक टीम का गठन उप निरीक्षक हेम चंद की अगुवाई में डीसीआरबी कांगड़ा व एसआईयू कांगड़ा को मिलाकर किया गया।
टीम ने एकत्रित किए गये साक्ष्यों के आधार पर उतर प्रदेश सहारनपुर में दबिश दे कर गिरोह के दो सदस्यों जगमोहन सिंह पुत्र अजमेर निवासी लोहाना कलां उम्र 33 साल व दीपक शर्मा पुत्र देवी लाल शर्मा निवासी मिलकवजिदीनपुर सहारनपुर उम्र 44 साल को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में इन दोनो ने गिरोह के अन्य दो सदस्यों के नाम पता भी बताए तथा घटना को अंजाम देने के तरीकों का भी खुलासा किया।
गौर रहे कि इस तरह के अपराध लगातार बढ़ रहे हैं जिससे जनता के खून पसीने की कमाई ऐसे असमाजिक तत्वों द्वारा हड़पी जा रही है।

