शिमला – नितिश पठानियां
एच.आर.टी.सी. बसों में अब यात्री अपने सामान के साथ अन्य सामान भी ले जा सकेेंगे लेकिन इसके लिए यात्रियों को किराया अदा करना होगा।
इसके साथ अब कंडक्टर बिना सवारी के भी यात्री का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान या जिला तक ले जा सकेंगे जिससे एक जिले से दूसरे जिले में व्यक्ति का सामान आसानी से पहुंच सकेगा और लोगों को सुविधा मिलेगी।
एच.आर.टी.सी. प्रबंधन ने सवारी के साथ और बिना सवारी के साथ निगम की बसों में ले जाने वाले सामान के लिए किराया संशोधित किया है।
निगम प्रबंधन द्वारा किराए में किए गए संशोधन में निगम की बस में सवारी के साथ सेब का एक गिफ्ट पैक फ्री में कहीं भी ले जा सकते हैं, लेकिन अगर सवारी साथ नहीं है तो फि र एक गिफ्ट पैक का आधा टिकट कटेगा।
इस संबंध में निगम प्रबंधन ने ऑर्डर भी जारी कर दिए हैं और परिचालकों को भी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। इस तरह के अन्य सामान के लिए भी किराया निर्धारित किया है।

सवारी के साथ ये होगा किराया
निगम प्रबंधन में संशोधित किराए के अनुसार सवारी (यात्री) के साथ ऑफिस या डाइनिंग चेयर का एक चौथाई किराया वसूल किया जाएगा। डाइनिंग व ऑफिस टेबल का फुल टिकट होगा। 5 सीटर सोफा सैट का डबल टिकट कटेगा। सिंगल बैड बॉक्स का फुल टिकट कटेगा। डबल बैड बॉक्स का डबल टिकट कटेगा। अलमारी का भी डबल टिकट कटेगा।
सिलाई मशीन, फंखे का एक चौथाई किराया कटेगा। प्लास्टिक व फोल्डिंग चेयर व एक से 3 कुर्सियों का एक चौथाई किराया कटेगा। 6 कुर्सियों का हाफ टिकट व इससे ज्यादा का फुल टिकट कटेगा। साइकिल का हाफ किराया होगा।
बच्चों की ट्रॉली, दिव्यांगों की व्हील चेयर का कोई किराया नहीं लगेगा। दिव्यांग व्यक्ति के बस में न होने पर कुर्सी का एक चौथाई किराया काटा जाएगा। कम्प्यूटर एल.ई.डी., एल.सी.डी. का एक चौथाई किराया कटेगा।
2 लैपटॉप ले जाने पर नहीं लगेगा कोई अतिरिक्त किराया और बिना सवारी के किराया
सवारी के साथ 2 लैपटॉप बिना किराए के ले जा सकते हैं। 2 से ज्यादा पर एक चौथाई किराया काटा जाएगा। वाशिंग मशीन का फुल टिकट कटेगा। इसके अलावा बिना सवारी के डाइनिंग व ऑफिस चेयर का आधार किराया लगेगा। टेबल का डबल टिकट यानि दो सवारियों के जितना किराया लगेगा।
सोफा सैट फाइव सीटर का 4 सवारियों के जितना किराया लगेगा। अलमारी व डबल बैड का भी चार सवारियों के जितना किराया लगेगा। साइकिल का एक सवारी के जितना किराया लगेगा।
लैपटॉप का भी फुल टिकट होगा। एल.सी.डी., एल.ई.डी., मॉनिटर 21 किलो तक एक सवारी का किराया और इससे ज्यादा पर 2 सवारियों का किराया लगेगा।
बिना सवारी अधिक होगा किराया
अब एच.आर.टी.सी. की बसों में कंडक्टरों को सामान ले जाना होगा। कंडक्टर बिना सवारी के सामान ले जाने से मना नहीं कर सकता है। एच.आर.टी.सी. के अधिकारियों का कहना है कि बिना सवारी के भी एच.आर.टी.सी. की ओर से हर सामान का भाड़ा निर्धारित किया गया है।
ऐसे में अब निर्धारित भाड़े के साथ एच.आर.टी.सी. ड्राइवरों-कंडक्टरों को सामान ले जाना होगा और सामान का टिकट कटवाना होगा। बिना सवारी के सामान भेजने का किराया अधिक होगा।

