एक और यात्रा निकालेगी कांग्रेस, मोदी के मित्रवादी पूंजीवाद के खिलाफ चलेगा जनजागृति अभियान

--Advertisement--

Image

व्यूरो रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 85वें अधिवेशन के तीसरे और आखिरी दिन कांग्रेस ने भाजपा और आरएसएस की विभाजनकारी ताकतों को परास्त करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा की रफ्तार को आगे बढ़ाने और मोदी के मित्रवादी पूंजीवाद के खिलाफ जनजागृति अभियान चलाने का संकल्प लिया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया किपूर्व से पश्चिम यात्रा, संभवत: अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट से गुजरात के पोरबंदर तक निकालने पर विचार किया जा रहा है, लेकिन इसका स्वरूप भारत जोड़ो यात्रा से थोड़ा अलग हो सकता है।

पार्टी ने रायपुर की हुंकार के नाम से जारी संकल्प में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने भारत की एक समावेशी और प्रगतिशील दृष्टि को आगे बढ़ाया है, जहां संवैधानिक मूल्य सर्वोच्च हैं। विविधता में एकता, समानता और भाईचारे का संदेश देकर इसने भाजपा की विचारधारा का एक स्पष्ट विकल्प प्रस्तुत किया है।

कुछ ही महीनों में हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के महत्त्वपूर्ण और जमीन से जुड़े संगठन, सेवा दल की शताब्दी मनाने जा रहे हैं। यह हमारे जन संपर्क कार्यक्रमों में नई ऊर्जा फूंकने का अवसर होगा। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने कभी भी भाजपा/आरएसएस और उनकी नफरत भरी राजनीति से समझौता नहीं किया है।

हम समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों के साथ मिलकर एक साझा, रचनात्मक कार्यक्रम के माध्यम से अपने संविधान को बचाने तथा देश की तीन मुख्य चुनौतियों बढ़ती आर्थिक असमानता, बढ़ता सामाजिक ध्रुवीकरण और गंभीर होती जा रही राजनीतिक तानाशाही का दृढ़ता से सामना करते रहेंगे।

पार्टी ने कहा कि इस वर्ष कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में महत्त्वपूर्ण विधानसभा चुनाव होंगे। हमारी जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को अनुशासन, एकजुटता और पूरी एकता के साथ काम करना चाहिए। इन चुनावों के नतीजे 2024 के सबसे महत्त्वपूर्ण लोकसभा चुनाव की दिशा तय करेंगे।

पार्टी ने कहा कि वर्ष 2004 से 2014 के दशक में, कांग्रेस के नेतृत्व में देश ने अब तक का सर्वाधिक जीडीपी ग्रोथ रेट हासिल किया। करोड़ों भारतीयों को गरीबी से बाहर निकाला गया। वन अधिकार अधिनियम, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं मनरेगा जैसे कई परिवर्तनकारी तथा अधिकार आधारित कानून बनाए गए। अब एक बार फिर से अर्थव्यवस्था को गति देने और देश के उत्पादकों को सशक्त करने का उचित समय है।

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग, जो पिछले साढ़े आठ वर्षों में बर्बाद हो गए हैं, उन्हें पुनर्जीवित किया जाना चाहिए और युवाओं के लिए क्लस्टर-आधारित कौशल विकास कार्यक्रमों तथा श्रम प्रधान मैन्युफैक्चङ्क्षरग के लिए अलग से फंङ्क्षडग की व्यवस्था एवं तकनीकी सहायता देकर, उन्हें तेजी से विकास और रोज़गार का इंजन बनाया जाना चाहिए।

पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में कहा कि भारत एक शक्तिशाली कांग्रेस चाहता है और ये उम्मीद करता है कि हम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप खरा उतरें। भाजपा और आरएसएस की विभाजनकारी ताकतों को परास्त करने के लिए कांग्रेस पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को भारत जोड़ो यात्रा की रफ्तार को आगे बढ़ाना चाहिए।

मित्रवादी पूंजीवाद, जिसकी मिसाल आज देश और दुनिया देख रही है, उसके खिलाफ जनजागृति अभियान चलाया जाएगा। हम एक मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण के लिए एक नए संकल्प और साझा उद्देश्य के साथ रायपुर महाधिवेशन का संदेश भारत के जन-जन तक पहुंचाएंगे।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

हिमाचल के निजी-सरकारी स्कूलों पर शिकंजा, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश

हिमखबर डेस्क  हिमाचल प्रदेश के कई निजी स्कूलों सहित सरकारी...