उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल देकर किया सम्मानित
हमीरपुर – हिमखबर डेस्क
1 एच पी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर की ओर से एनआईटी हमीरपुर में सीनियर डिविजन/विंग का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 192 के अंतिम दिन समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रो. हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी निदेशक एनआईटी हमीरपुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कमांडिंग ऑफिसर कमांडर डा. देबासीश गुहा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर कैडेटों द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक मनोरंजन कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कैंप के दौरान उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मुख्यतिथि द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। जिसमें विभिन्न गतिविधियों ड्रिल, लाइन एरिया, सांस्कृतिक, बेस्ट कैडेट आदि के मेडल बांटे गए।

कमांडिंग ऑफिसर कमांडर डा. देबासीश गुहा ने बताया कि शिविर में एनसीसी कैडेटों में सामाजिक मूल्यों को विकसित करने के उद्देश्य से कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ कैडेट्स को व्यक्तित्व विकास के गुर भी सिखाए गए।

कैंप के दौरान दिनचर्या में सुबह 4 बजे उठना, तैयार होना, योग सहित एक घंटे का शारीरिक व्यायाम करना, उसके बाद स्नान और नाश्ता करना शामिल था। इसके अलावा कैंप में कैडेट्स को हथियारों के साथ ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट, टेंट पिचिंग और कई अन्य सैन्य रणनीतियां सिखाई गईं।

इस मौके पर मुख्यतिथि ने भी अपने विचार रखे और कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में चरित्र, भाईचारा, अनुशासन, एक धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण, साहस की भावना और निस्वार्थ सेवा के आदर्श विकसित करना है। उन्होंने सभी कैडेट्स से कैंप में सिखाई बातों बातों को अपने जीवन में अपनाने की सलाह दी।

