
चम्बा- भूषण गुरुंग
उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति पुरस्कार योजना के तहत शिक्षा खंड चुबाड़ी में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में तथा उच्च पाठशालाओं के लिए समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमे बीआरसीसी राजकुमार ठाकुर जी ने बताया कि शिक्षा खंड चुबाड़ी की सभी उच्च पाठशालाओं ने तथा ग्यारह में से नौ वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं ने भाग लिया ।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढाढु तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रखेड इस प्रतियोगिता में अनुपस्थित रहे । भाग लेने वाली पाठशालाओं ने विभिन्न बिंदुओं पर अपने-अपने स्कूल प्रबंधन समितियों के योगदान पर चर्चा की।
जिसमें हर घर पाठशाला को क्रियान्वित करने में विद्यालय की भूमिका , सप्ताहिक आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यालय की उपलब्धि, विद्यालय की एनरोलमेंट में सुधार को लेकर किए गए कार्य तस्वीरों तथा आंकड़ों सहित, सामुदायिक सहभागिता, विभाग व सरकार द्वारा वर्तमान में विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को लागू करने में भूमिका इत्यादि मुख्य रूप से चर्चा के बिंदु रहे।
निर्णायक मंडल के रूप में प्रधानाचार्या बिंदिया ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गगाहर, प्रधानाचार्य सरदार सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परछोड़ तथा प्रधानाचार्य पवन शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहला उपस्थित रहे ।
उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति पुरस्कार योजना में उच्च पाठशालाओं में राजकीय उच्च पाठशाला बाई का बाग ने प्रथम स्थान, राजकीय उच्च पाठशाला भराड़ी ने द्वितीय स्थान तथा राजकीय उच्च पाठशाला सलोह ने तृतीय स्थान हासिल किया ।
इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर ने प्रथम स्थान, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होवार ने द्वितीय स्थान तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहला ने तृतीय स्थान हासिल किया । इस प्रतियोगिता में सभी पाठशालाओं के प्रभारी तथा अध्यापकगण उपस्थित रहे।
