
गगल – नितिश पठानियां
जिले में चोरी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में पुलिस थाना गगल के तहत रविवार देर रात शातिरों ने एक निजी बस से 200 लीटर डीजल चोरी कर लिया। इस संदर्भ में पुलिस ने बस मालिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस मालिक ने पुलिस को सौंपे अपने शिकायत पत्र में बताया कि सोमवार रात चालक के बीमार होने के चलते उनकी बस को इच्छी की एक वर्कशॉप में खड़ा किया गया था। वहीं देर रात चोर गिरोह ने बस में से 200 लीटर डीजल चोरी कर लिया।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह जब वह मेकेनिक के साथ बस के पास पहुंचे तो डीजल टैंक के नीचे बाल्टी रखी देखी। इस मामले में उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि वहां से देर रात करीब दो बजे एक लड़का वहां से भागा था।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी गगल केसर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बस मालिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
