
गोहर/मंडी – डॉली चौहान
शुक्रवार की रात मंडी जिला में आई प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रदेश सरकार 4-4 लाख रुपए सहायता राशि देगी। इसके साथ ही प्राकृतिक आपदा में बेघर हुए का काशन गांव के परिजनों को सरकार की तरफ से घर भी बना कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बात का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों की इस आपदा में मौत हुई है, उनके परिजनों को 4-4 लाख रुपए सरकार की तरफ से दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि जिन लोगों का जीवन इस आपदा में चला गया, उसकी क्षतिपूर्ति तो नहीं की जा सकती है, लेकिन सरकार परिजनों के साथ इस आपदा के समय में खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्वयं बहुत दुखी हैं। शनिवार सुबह इस हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत उपायुक्त मंडी को राहत व बचाव कार्य शुरू करने के आदेश दिए थे।
रास्ते बंद थे, इसके बाद भी प्रशासन की तरफ से पूरे जोरों से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन यह दुखद है कि हम किसी की भी जान नहीं बचा सके और हादसे में पंचायत प्रधान खेम सिंह और उनके सात परिजनों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि काशन गांव में घटनास्थल को देखकर लगता ही नहीं है कि वहां इतनी बड़ी आपदा आ सकती थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में प्राकृतिक आपदा से अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रदेश भर में जानमाल का काफी नुकसान पहुंचा है। सरकार ने अधिकारियों को बिजली पानी सडक़ व अन्य सभी व्यवस्थाएं शीघ्र बहाल करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने केंद्र से केंद्र सरकार से भी आपदा के समय में सहायता मांगी है।
सरकार ने केंद्र से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द आपदा का सर्वेक्षण करने के लिए टीम भेजी जाए ताकि प्रदेश को केंद्र की तरफ से आर्थिक सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इससे पहले नाचन विश के काशन गांव पहुंचकर आपदा का जायजा भी लिया काशन गांव में मकान दबने के कारण मारे गए एक ही परिवार के आठ लोगों के परिजनों से मुख्यमंत्री मिले और उन्हें ढाढस बंधाया।
उन्होंने हादसा पीडि़तों के परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
ये रहें मौजूद
उनके साथ विधायक नाचन विनोद कुमार, बल्ह से विधायक इंद्र सिंह गांधी और उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी उपस्थित रहे।
