
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में उमस भरी गर्मी के बीच मौसम के मिजाज बदलने लगे हैं। हालांकि मंगलवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान लोगों को गर्मी के प्रकोप से दो-चार होना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी जिलों में गर्म हवाओं के चलने का अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, व कांगड़ा जिला में लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। वहीं 15 जून से हिमाचल प्रदेश में प्री-मॉनसून गतिविधियां बढ़़ेंगी।
राज्य के अधिकतर हिस्सों में प्री-मानसून बारिश की संभावना है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में 16 व 17 जून को गरज चमक के साथ बादलों के बरसने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में खराब मौसम का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में 20 जून तक प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है।
