
विजिलेंस कार्यालय शिमला में शिकायत
शिमला – नितिश पठानियां
जेओए आईटी पेपर लीक मामले के बाद अब कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित की गई कंडक्टर भर्ती की परीक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। कंडक्टर भर्ती में प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों ने कंडक्टर भर्ती की परीक्षा की भी जांच कराने की मांग की है।
कंडक्टर भर्ती की परीक्षा की जांच कराने के लिए प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों ने मामले की शिकायत विजिलेंस मुख्यालय शिमला में दी है। जेओए आईटी पेपर लीक मामले का खुलासा होने के बाद कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित की गई पिछली परीक्षाओं की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
कंडक्टर भर्ती की प्रतीक्षा सूची अभ्यर्थियों ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया है कि वह पोस्ट कोड 762 हिमाचल पथ परिवह परिवहन निगम कंडक्टर भर्ती की परीक्षा जो 18 अक्तूबर, 2020 को कर्मचारी आयोग द्वारा करवाई गई थी। उक्त परीक्षा का परिणाम 30 सितंबर, 2021 को निकाला था।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि एसआईटी द्वारा पकड़े गए संजीव कुमार व उसके भाई यशपाल का नाम भी फाइनल सल्यूशन लिस्ट पोस्ट कोड 762 में एचआरटी कंडक्टर भर्ती में हुआ है। युवाओं का आरोप है कि आरोपी एजेंट ने इस परीक्षा का भी पेपर सार्वजनिक किया होगा।
अभ्यर्थियों ने विजिलेंस से मांग की है कि परीक्षा में 70 से अधिक अंक लेने वाले अभ्यर्थियों की जांच करवाए, ताकि प्रतिक्षा सूचि में शामिल अभ्यथियों को न्याय मिल सके।
