चरण गंगा खड्ड में अचानक पानी का बहाव ज्यादा होने से हादसा, पुलिस ने किए रेस्क्यू
ऊना – अमित शर्मा
धार्मिक स्थल मैड़ी में स्थित चरण गंगा खड्ड पर अचानक आई बाढ़ में बाइक से गुजर रहे तीन युवक बह गए। पानी का बहाव तेज होने से तीनों युवक बाइक सहित गहरे पानी में फंस गए। उक्त घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस दलबल सहित मौके पर पहुंची।
पुलिस ने रेस्क्यू आपरेशन चलाकर गगन पुत्र गुरदीप सिंह, अजय पुत्र रुल्दु राम व अमन कुमार पुत्र रमेश चंद निवासी चलेट को सुरक्षित पानी से बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार यह तीनों युवक बुधवार को मैड़ी घूमने आए थे। जब यह चरण गंगा धार्मिक स्थल की ओर खड्ड के रास्ते से जा रहे थे तो अचानक बाढ़ आ गई।

पानी का बहाव तेज होने से युवकों को भागने तक का मौका नहीं मिल पाया। इस खड्ड में पहले भी बाढ़ की चपेट में आने से दर्जनों लोग मौत का शिकार हो चुके हैं। एसएचओ गौरव भारद्वाज ने बताया कि तीन युवकों को रेस्क्यू कर चरण गंगा खड्ड से बाहर निकाल कर परिजनों के हवाले कर दिया है।
कलरूही खड्ड में बह कर आई लकडिय़ां निकालते बहे प्रवासी
अंब। उपमंडल अंब की कलरूही खड्ड में बाढ़ आने से एक बच्चे सहित चार लोग बह गए। खड्ड में बह कर आई लकडिय़ां इकट्ठा करते वक्त चारों प्रवासी चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अंब विवेक महाजन, तहसीलदार प्रेम लाल, पुलिस स्थानीय पंचयात के उपप्रधान यशपाल शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मचारियों की मदद से चारों को सरक्षित बाहर निकाला गया।

