कांग्रेस का नया अध्यक्ष फाइनल, सिर्फ ऐलान होना बाकी

--Advertisement--

शिमला – नितिश पठानियां

हिमाचल प्रदेश का नया कांग्रेस अध्यक्ष अब लगभग तय हो गया है। इसका सिर्फ ऐलान होना शेष है, क्योंकि दो नामों में से किसी एक को ही अध्यक्ष बनाया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री की कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से अलग-अलग मुलाकातें हुई हैं और जो दो नाम सामने हैं, उनमें विनय कुमार और विनोद सुल्तानपुरी शामिल हैं।

कांग्रेस हाईकमान चाहता है कि अनुसूचित जाति वर्ग से ही प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बने, लिहाजा प्रतिभा सिंह का अब पार्टी अध्यक्ष पद से हटना तय बताया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इन दोनों नामों को लेकर जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रजनी पाटिल के सामने अपनी राय रखी है, तो वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने भी अपनी बात रखी है। सूत्र बताते हैं कि इन्हीं दो नामों पर चर्चा हुई है और अब फैसला हाईकमान को लेना है।

विनय कुमार वर्तमान में प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष हैं और श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पिछले दिनों विनय कुमार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े से भी बैठक की थी और उनसे पूरे मामले पर उनकी चर्चा हो चुकी है।

वहीं, दूसरी तरफ विनोद सुल्तानपुरी पहली बार कसौली विधानसभा से चुनाव जीतकर आए हैं और उन्होंने लोकसभा का चुनाव भी लड़ा, परंतु हार गए। वह मुख्यमंत्री के खास हैं और संगठन में काम करने का उनका पुराना अनुभव है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी अभी दिल्ली से बाहर हैं और उनके दिल्ली लौटने के बाद रजनी पाटिल उनसे मुलाकात करेंगी।

इसी मामले को लेकर वह राहुल गांधी को अपना फीडबैक देंगी और इसके साथ ही अब फैसला हो जाएगा। यह माना जा रहा है कि जल्दी ही कांग्रेस हाईकमान प्रदेश में कांग्रेस का नया अध्यक्ष घोषित करने के साथ पूरी कार्यकारिणी की घोषणा कर देगी। इसके लिए औपचारिकता अंतिम दो नाम तय करने की रह गई थी, जो अब पूरी हो गई है।

दिल्ली में हिमाचल सदन में सुबह कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से संगठन के मामलों को लेकर लंबी बातचीत हुई है। इस बातचीत में कार्यकारिणी के स्वरूप को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें संगठनात्मक जिलों का मुद्दा भी सामने रहा। यहां पर कांग्रेस संगठनात्मक जिलों की संख्या को बढ़ाना चाहती है जिस तरह से भाजपा ने किया है उसी तर्ज पर कांग्रेस भी अपने संगठनात्मक जिला रखेगी।

अनुसूचित जाति वर्ग से होगा प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष

दिल्ली में रजनी पाटिल ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री से भी चर्चा की है, जो सुबह ही दिल्ली पहुंच गए थे। इन दोनों नेताओं से दोनों नामों पर चर्चा होने की सूचना है। इससे पहले हाईकमान ने कई और नामों को लेकर भी यहां बात की, परंतु आला नेता यही चाहते हैं कि अनुसूचित जाति वर्ग से ही प्रदेश में कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाए। राज्य में अनुसूचित जाति के 17 विधानसभा क्षेत्र हैं।

अनुसूचित जाति से सरकार में डा. कर्नल धनी राम शांडिल और यादविंदर गोमा को अधिमान दिया गया है, वहीं विधानसभा अध्यक्ष के रूप में विनय कुमार शामिल हैं। पार्टी चाहती है कि इसी वर्ग को नेतृत्व का जिम्मा सौंपा जाए। इससे पहले भी कांग्रेस इस वर्ग पर दांव खेल चुकी है।

फिलहाल प्रतिभा सिंह का हटना तय है। उनको पार्टी कहीं न कहीं एडजस्ट करेगी। हो सकता है कि आने वाले समय में प्रतिभा सिंह को कांग्रेस राज्यसभा की तरफ भेजे, क्योंकि ऐसी संभावनाएं भी दिख रही हैं। हॉलीलॉज को भी पार्टी साथ रखना चाहती है और सभी को एकजुट करके यहां पर अगले विधानसभा की तैयारियां होंगी।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

हिमाचल में अटूट रिश्ते का दर्दनाक अंत : भाई की अर्थी देख बहन के भी थमे प्राण, दोहरा मातम

हिमखबर डेस्क  देवभूमि के हमीरपुर जिले का भोरंज उपमंडल इन...

फौजियों पर विवादित टिप्पणी कर घिरी हिमाचल की इन्फ्लुएंसर, सोशल मीडिया पर जमकर हो रही ट्रोल

हिमखबर डेस्क  इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर इन दिनों विवादित बयान को...

परिजनों को थी उम्मीद…पर मिली गम की खबर, 14 दिन से लापता युवक का झाड़ियों में मिला शव

चम्बा - भूषण गुरूंग  पर्यटन नगरी डल्हौजी के सुभाष चौक-बस...