
नाहन, 15 दिसंबर – नरेश कुमार राधे
शहर के अस्पताल राउंड में 22 साल के युवक की संदिग्ध मौत होने का समाचार मिला है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। लेकिन पुलिस हर नजरिए से मामले की तह तक पहुंचना चाहती है। यही कारण है कि घटनास्थल की जांच को लेकर एफएसएल की टीम भी बुलाई गई है।
पुलिस को मेडिकल कॉलेज से देर रात इस बात की सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को ब्रॉड डेड लाया गया है। इसके बाद डीएसपी मुख्यालय मीनाक्षी व थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुंची।
फिलहाल पुलिस को युवक का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले किया जा रहा है।
उधर, डीएसपी मुख्यालय मीनाक्षी शाह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती तौर पर आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। लेकिन फाउल प्ले की आशंका को खारिज करने के मकसद से एफएसएल की मदद भी ली जा रही है।
