शिमला – रजनीश ठाकुर
शिमला जिला के उपमंडल रामपुर की ग्राम पंचायत डंसा के जंगल में 3 तेंदुए मृत अवस्था में मिले हैं। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों तेंदुओं के मृत शरीर को अपने कब्जे में ले लिया है। इन तेंदुओं की मौत कैसे हुई, इस बारे वन विभाग की टीम छानबीन में जुट गई है।
ग्राम पंचायत डंसा के जंगल में 3 तेंदुए करीब 100-100 मीटर की दूरी पर मृत अवस्था में मिले। वन विभाग को तेंदुओं के मरने की सूचना ग्रामीणों को दी। ऐसे में वन विभाग की टीम ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। इस कारण ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुओं के मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका भी हो सकती है। ऐसे में ग्रामीणों को अपने पालतू पशुओं के स्वास्थ्य की चिंता सताने लगी है। वन रक्षक ललित भारती की अध्यक्षता में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
इसके बाद तेंदुओं के मृत शरीर को पशुपालन विभाग के अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर तीनों तेंदुओं का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिनकी रिपोर्ट शीघ्र ही वन विभाग को मिलेगी। इसके उपरांत ही तेंदुओं के मरने के कारणों का खुलासा होगा।
डीएफओ हरदेव नेगी के बोल
वन विभाग रामपुर के डीएफओ हरदेव नेगी ने बताया कि डंसा पंचायत के जंगल में 3 तेंदुए मृत अवस्था में मिले हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम द्वारा तेंदुओं के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर लाया गया है। तेंदुओं की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा।

