स्कूल में मिड डे मिल का भोजन दिन के समय तो मिलता ही है लेकिन कंपनी की ओर से विद्यार्थियों को सुबह के समय ब्रेकफास्ट मुहैया कराया जाता है।
सोलन – रजनीश ठाकुर
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिड डे मील तो दिया ही जाता है, लेकिन एक ऐसा सरकारी स्कूल भी है जिसमें छुट्टी वाले दिन भी पढ़ाई होती है और बच्चों को नाश्ता भी दिया जाता है। नाश्ते में पूरे हफ्ते का मैन्यू भी तय है।
औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला का प्रदेश में सबसे ज्यादा विद्यार्थियों की संख्या वाले प्राथमिक स्कूल झाड़माजरी में निजी स्कूल की तर्ज पर सुविधाएं मिल रही हैं। यह पहला स्कूल है जहां पर बच्चों को प्रार्थना सभा के बाद नाश्ता दिया जाता है।
सोमवार को केले, मंगलवार को ब्रेड व जैम, बुधवार को परांठे, वीरवार को मिक्स वेज और चपाती, शुक्रवार को पोहा और शनिवार को सेब व अन्य फल बच्चों को नाश्ते के रूप में दिए जाते हैं। स्कूल की मुख्य अध्यापिका नीलम कुमारी ने बताया कि यह पहला स्कूल है जो अवकाश वाले दिन भी चलता है।
इस दिन पढ़ाई में कमजोर बच्चों को पढ़ाया जाता है जिससे वे अन्य बच्चों को बराबर पढ़ाई में चल सकें। कंपनी की ओर से सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। समय-समय पर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच भी होती है। जिन बच्चों के पास शिक्षण सामग्री नहीं होती, उसे भी स्कूल व निजी कंपनियों के सहयोग से मुहैया कराया जाता है।

