शातिरों ने मालिकों को बंद कर वारदात को दिया अंजाम, लोगों में दहशत का माहौल
काँगड़ा – राजीव जस्वाल
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत झिकली इच्छी के वार्ड नंबर दो में बुधवार रात घर में चोरी हुई। ग्राम पंचायत प्रधान इच्छी कुसम लता ने बताया कि खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का गुजर बसर करने वाले सुरेश कुमार के घर से चारों ने सोने, चांदी के गहने और बेटे की शादी के रखे नोटों के हार चुरा लिए।
सुरेश कुमार की बहू विशाली ने बताया कि रात को जब वह सोए हुए थे, तो बाहर से आवाज आई। इस आवाज को सुन कर जब वैशाली ने अपने ससुर को आवाज लगा कर उठाया कि बाहर कोई है, परंतु सुरेश कुमार ने जब अपने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा, तो दरवाजा बाहर से बंद था।
विशाली ने बताया कि चोरों ने उनके कमरों के दरवाजों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया था। उन्होंने शोर मचाया, तो चोर एक संदूक उठाकर ले गए थे।
विशाली ने बताया कि जैसे तैसे करके घर से बाहर निकले तो देखा की खेतों में संदूक पड़ा था और चोर मंगल सूत्र, मान टिक्का, सोने के झुमके, चांदी की पेरियां, चांदी की दो अंगूठियां, पांच हजार रुपए नकद और नोटों के हार चुरा कर ले गए थे। घर के मालिक सुरेश कुमार ने बताया कि इस चोरी की घटना की शिकायत उन्होंने गगल पुलिस थाना को दी।
आए दिन होने बाली चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। चोरों के हौंसले बुलंद है। नहीं थम रहा है चोरियों का सिलसिला। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री से पुलिस गस्त बढ़ाने के लिए गुहार लगाई है। लोगों का कहना है की चोरों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।
डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा के बोल
उधर, डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा से जब इस चोरी की घटना के बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले पर कारवाई कर रही है।

