
हमीरपुर – अनिल कपलेश
हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज की कक्कड़ पंचायत के गुजरेहड़ा में वीरवार शाम को हुई भारी बारिश के कारण लींड़ी खड्ड में आई बाढ़ आफत बन गई।
गांव से गई बरात जब वापस आ रही थी तो लींड़ी खड्ड में बराती फंस गए। करीब पांच घंटे बरातियों के साथ दूल्हा-दुल्हन को भी पानी के कम होने का इंतजार करना पड़ा।
कक्कड़ पंचायत के वार्ड-7 के गुजरेहड़ा गांव निवासी गुलशन कुमार की बरात हमीरपुर जिला के समराला गांव में अंजू देवी के घर गई थी। जैसे ही बरात सायं के समय गुजरेहड़ा के पास पहुंची तो लींड़ी खड्ड में पानी का भारी उफान आ गया।
इससे दूल्हा-दुल्हन और बराती पांच घंटे वहीं फंसे रहे। स्वजन ने देरी से पहुंचने पर शादी की रस्में जैसे धाम तथा पीपल के फेरे लेने की रस्म अगले दिन शुक्रवार को करवाई।
कक्कड़ पंचायत के उपप्रधान विनोद कुमार, पंचायत प्रतिनिधि सत्या देवी, दूल्हे के पिता सतीश कुमार, शिव राम, रतन चंद, रमेश कुमार चौधरी, अमीं चंद, सुभाष कुमार चौधरी, कै. ब्रह्मïदास, रघुवीर ङ्क्षसह, राजकुमार, सोहणू राम व राजेंद्र पाल आदि का कहना है कि गुजरेेहड़ा गांव लींड़ी खड्ड के पार है।
भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने ग्रामीणों की मांग पर गत छह मार्च को उक्त स्थान पर फुट ब्रिज के निर्माणकार्य का शिलान्यास किया था। इसके निर्माण पर 64.87 लाख रुपये खर्च होंगे। चार माह बीतने के बाद भी फुट ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
इस के अभाव से ग्रामीणों को बरसात के मौसम में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने फुट ब्रिज का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने की मांग की है।
क्या कहते है, अधिकारी
उधर, लोक निर्माण विभाग भरेड़ी सर्कल के कनिष्ठ अभियंता सोहारू राम का कहना है कि विभाग ने हाईड्रोलिक डाटा विभाग के चीफ इंजीनियर कार्यालय को भेजा है। वहां से फुट ब्रिज की ड्राइंग आने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाएगा।
