रूट पूरा करने के बाद रात्रि ठहराव को भराड़ी पहुंची HRTC बस में भड़की आग।
मंडी – अजय सूर्या
धर्मपुर के भराड़ी में शनिवार शाम को खड़ी एचआरटीसी बस में अचानक आग भड़क गई। आनन-फानन में लोगों व स्टाफ ने बस में भड़की आग पर पानी फेंक कर काबू पाया।
आग लगने के कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि बस स्टेशन में पहुंचने के बाद खड़ी की थी और इसमें कोई सवारी नहीं थी। इसी दौरान अचानक आग लग गई।
जानकारी के अनुसार बस धर्मपुर लखरेहड़ वाया सज्जओपिपलू टिहरा रूट पर रोजाना की तरह शनिवार शाम पांच बजे धर्मपुर से रवाना हुई और तय समय पर स्टेशन पर पहुंची। चालक ने सभी सवारियाें को उतारकर बस को रात्रि ठहराव के लिए भराड़ी स्टेशन पहुंचाया।
यहां खड़ी करते ही अचानक बस से धुआं निकलना शुरू हो गया। देखते ही देखते बस के इंजन में आग भड़क गई। थोड़ी ही देर में आग की लपटें निकलना शुरू हो गई।
इस पर मौके पर मौजूद चालक ने साथ लगती दुकानों से पानी की बाल्टी ली और आग बुझाने में लग गया। इसी के साथ अन्य लोग आग बुझाने में जुट गए।
कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस घटना में बस के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही मैकेनिकल टीम मौके पर पहुंच गई है।
यह टीम घटना को लेकर जांच पड़ताल करेगी और तथ्य जुटाएगी। यह बस रोजाना यात्रियों से भरी होती है। ऐसे में बीच रूट में यदि बस में आग लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
एचआरटीसी धर्मपुर डिपो क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार के बोल
उधर, एचआरटीसी धर्मपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि घटना का पता चलते ही टीम मौके के लिए भेजी है। टीम जांच पड़ताल करेगी व रिपोर्ट देगी। फिलहाल, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है।

