
भलाड- शिबू ठाकुर
उपमंडल जवाली के अधीन ग्राम पंचायत भलाड़ में करीबन 25 साल पहले खुला पशु औषधालय आज भी जंजघर में चल रहा है तथा खस्ताहालत जंजघर में सरकारी कर्मी अपनी जान को जोखिम में डालकर नोकरी करते हैं। आजतक पशु औषधालय को अपना आलिशान भवन नसीब नहीं हो पाया है। इसके भवन निर्माण के लिए भलाड़ के दानी सज्जन कांशी राम द्वारा वर्ष 2001 में करीबन एक कनाल 3 मरले जमीन दान की गई थी। उनकी आंखें भवन को देखने के लिए तरसती रहीं लेकिन भवन नहीं बन पाया। आखिरकार उनकी मृत्यु हो गई। अब उनके परिजन भी भवन बनने की आस लगाए बैठे हैं लेकिन भवन निर्माण का अभी तक कार्य भी शुरू नहीं हो पाया है।
26 अगस्त 2021 को जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ने इसके भवन का शिलान्यास किया तथा कहा कि जल्द ही भवन निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा परन्तु अढाई माह बीत जाने के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है। गांवववासियों ने कहा कि मौजूदा समय में जिस भवन में पशु औषधालय चल रहा है, उसकी हालत जर्जर हो गई है। लेंटर से पलस्तर उखड़ चुका है तथा दीवारों में दरारें आ गई हैं। इस खस्ताहालत भवन के अंदर जाने से भी लोग कतराते हैं।
गांववासियों ने विधायक अर्जुन सिंह सहित लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पशु औषधालय के भवन का निर्माणकार्य शुरू किया जाए ताकि समाजसेवी की आत्मा को शांति मिल सके व पशु औषधालय को भवन नसीब हो जाए।
एक्सईएन अरुण विशिष्ट के बोल:
इस बारे में लोक निर्माण विभाग जवाली के एक्सईएन अरुण विशिष्ट से बात हुई तो उन्होंने कहा कि जल्द ही भवन निर्माण का कार्य शुरू होगा।
