शिमला – नितिश पठानियां
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ से महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने पर शिमला जिला भाजपा ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए उनसे इस्तीफा देने की मांग की। प्रदेश सचिव डेजी ठाकुर ने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता महिलाओं के प्रति ऐसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी गिरती सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी गलती करने पर माफी मांगने से कोई बच नहीं जाता।
ये रहे उपस्थित
विरोध प्रदर्शन में रूपा शर्मा, संगीता सूद, भारती सूद, सरोज ठाकुर, रजनी सिंह, रमा ठाकुर, सीमा ठाकुर, प्रेम चौहान और कमलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
देश की जनता के सामने आया कांग्रेस गठबंधन का असली चेहरा : राजीव बिंदल
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं का अपमान किया है। जिस तरह के आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग उनकी तरफ से महिलाओं के लिए किया गया है, वह क्षमा योग्य नहीं है, ऐसे में नीतीश कुमार को तुरंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
बिंदल ने कहा कि देश की जनता के सामने कांग्रेस गठबंधन का असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री यह भूल गए हैं कि भारत वह देश है, जहां द्रोपदी का चीरहरण होने पर महाभारत हुआ। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर बहुत लंबा है।
वह कई बार मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और वर्तमान समय में इंडिया गठबंधन के राष्ट्रीय संयोजक बनने जा रहे हैं। ऐसे में उनकी तरफ से इस तरह के शब्दों का चयन करना उनके राजनीतिक अनुभव पर सवालिया निशान खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन सनातन को समाप्त करने के अलावा महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचा रहा है।

