
हमीरपुर – अनिल कल्पेश
बड़सर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पहले ही अपने हवादार कमरों का मोह नहीं छोड़ पा रहे थे लेकिन अब नए एयर कंडीशनर्स की ठंडी हवा उन्हें जनता की तकलीफों से और दूर ले जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय के लगभग सभी कमरों में 14 नए एयर कंडीशनर लगाने पर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव पवन कालिया ने यह तंज कसा है।
उन्होंने कहा कि मंडल के अधीन कई खस्ताहाल सड़कों की सुध लेने का विभागीय अधिकारियों के पास समय नहीं है। लेकिन अब एयर कंडीशनर कमरों से उनका निकलना और मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से बड़सर मंडल के अधीन कई सड़कों की हालत खस्ताहाल है। हर बार बजट की कमी की दुहाई देकर विभागीय अधिकारी जनता को खस्ताहाल सड़कों पर चलने को मजबूर कर रहे हैं।
जबकि अपनी सुविधा के लिए विभाग के पास बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग का कार्यालय सिर्फ ठेकेदारों की सुविधा के लिए काम करता है। जनता की परेशानियों से विभाग को कोई सरोकार नहीं है।
मंडल के अधीन सड़कों की टायरिंग और अन्य निर्माण कार्यों का पूरा प्रभार ठेकेदारों पर छोड़ दिया गया है। निर्माण स्थल पर कोई भी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी निगरानी के लिए मौजूद नहीं रहता।
हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई है।
मंडल कार्यालय में एसडीसी (सब डिवीजन क्लर्क)अकाउंट ब्रांच में ऑडिटर के पद रिक्त चल रहे हैं। विडंबना यह है कार्यालय में बाबू नहीं हैं तो फिर एयर कंडीशनर किसकी सुविधा के लिए लगाए जा रहे हैं। जनता परेशानी झेल रही है और अधिकारी, कर्मचारी मौज कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बड़सर में बाहरी ठेकेदारों की भी पौ बारह हो रही है। स्थानीय ठेकेदारों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बड़सर मंडल की इस अव्यवस्था पर नकेल कसी जाए। अधिकारियों को सड़कों की सुध लेने के आदेश दिए जाएं।
निबेदक
पवन कुमार कालिया
जिला महासचिव काँग्रेस ।
हमीरपुर।
