प्राध्यापक संघ लंज ने काले बिल्ले लगाकर सेवा शर्त बिल 2024 का किया विरोध
शाहपुर – कोहली
राजकीय महाविद्यालय लंज की हिमाचल राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ स्थानीय इकाई द्वारा केंद्रीय कार्यकारिणी के आवाह्न पर कर्मचारी भर्ती तथा सेवा शर्त बिल 2024 के विरोध में शुक्रवार को काले बिल्ले लगाकर विरोध जताया तथा एक गेट मीटिंग का आयोजन किया।
लंज इकाई के सचिव दीप सिंह ने बताया कि हिमाचल राजकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ का यह मानना है कि इस बिल के आधार पर प्रदेश के कर्मचारियों को अनुबंध आधार पर दी गई सेवाओं के सेवा लाभों से वंचित करना न्यायसंगत नहीं है।
जहां एक और प्रदेश के तमाम कर्मचारियों ने न्यायालय में एक लंबी लड़ाई लड़कर अपनी अनुबंध सेवाओं का लाभ प्राप्त किया है। जिसमें माननीय उच्च न्यायालय ने नियुक्ति की तारीख से सेवा लाभ तथा अन्य सभी लाभ कर्मचारियों को दिए हैं तो वहीं दूसरी और यह बिल उन अधिकारों और लाभों से वंचित करता है।
अतः स्थानीय इकाई प्रदेश सरकार से यह मांग करती है कि जिस प्रकार वर्तमान सरकार ने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों के पक्ष में पुरानी पेंशन लागू की है उसी तर्ज पर सरकार कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस बिल पर पुनर्विचार करे तथा इस बिल को वापिस ले।

