शिमला – नितिश पठानियां
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश भाजपा के नेताओं पर आरोप लगाया है कि वह राजनैतिक द्वेष के चलते आपदा प्रभावित प्रदेश के पुनर्निर्माण व राहत कार्यो में केंद्रीय सहायता को लेकर अड़ंगा लगा रहें हैं। उन्होंने हैरानी जताई है कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ की आपदा सहायता अभी तक प्रदेश को जारी नही हुई है, जो बहुत ही चिंतनीय हैं।
उन्होंने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में एकजुटता के साथ आपदा प्रभावित प्रदेश के पुनर्निर्माण कार्यो को पूरा करने के लिए दिन रात कार्य कर रही हैं।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की कटाक्ष करते हुए कहा है कि वह प्रदेश सरकार पर हर रोज अनाप शनाप बयानबाजी कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही हैं। केंद्र से प्रदेश को कोई भी वित्तिय मदद नही मिल रही है,बाबजूद इसके प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से अपने उत्तरदायित्व का सफलतापूर्वक निर्वाह कर रही हैं।
प्रतिभा सिंह ने जीएसटी की दरों को कम करने से प्रदेश को होने वाले राजस्व घाटे को पूरा करने के लिये हिमाचल प्रदेश को विशेष राहत देने का आग्रह करते हुए कहा है कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के विकास के लिए विशेष नीति बनाई जानी चाहिए, क्योंकि पहाड़ी इलाकों में मैदानी इलाकों की अपेक्षाकृत निर्माण व पुनर्निर्माण कार्यो में अधिक लागत आती हैं।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से फिर आग्रह किया है कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास व आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण कार्यो के लिये केंद्रीय नेताओं से प्रदेश को विशेष आर्थिक सहायता दिलवाने में सार्थक योगदान करें,इसके लिए प्रदेश के लोग व कांग्रेस इन सांसदों की आभारी रहेंगी।