हिमखबर डेस्क
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कार्टून बताया। अब इस पोस्ट को लेकर कांग्रेस भड़क गई है और सोशल मीडिया पर सुधीर शर्मा को ट्रोल किया जा रहा है। सीएम के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने इसको लेकर सुधीर शर्मा पर निशाना साधा और इसे सुधीर शर्मा की हताशा करार दिया।
सीएम के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा, “हिमाचल की राजनीति में भाषा की गरिमा रही है और हिमाचल के लोग भी इसको पसंद करते हैं। लोकतंत्र में सरकार किसकी बनेगी यह लोगों का फैसला है, लेकिन जो आपसी भाईचारा होता है, इसे खराब नहीं करना चाहिए।
सुधीर शर्मा ने जो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सुधीर शर्मा क्या कहना चाहते हैं और क्यों परेशान हैं, वह वही जाने लेकिन इससे साफ जाहिर होता है कि चार बार का विधायक बनने के बाद कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पहुंचे तो उसे उसके लिए बहुत इज्जत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा की यह पोस्ट उनकी अपनी हताशा दर्शाता है। ऐसी हरकतों से वह मुख्यमंत्री के कद को छोटा करना चाहते हैं। यह उनकी गलत सोच है। इससे सबको बचना चाहिए। किसी की निंदा तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, किसी काम को लेकर बात करें। किसी वर्ग की कोई समस्या है तो उसको लेकर आवाज उठाएं, लेकिन सोशल मीडिया पर इस तरह से आपका विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए रखते हैं, वो दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे हिमाचल के लोग भी पसंद नहीं करते हैं।
दरअसल, धर्मशाला से बीजेपी विधायक ने सोशल मीडिया पर सीएस सुखविंदर सिंह सुक्खू का एक फोटो शेयर किया, जिसमें सीएम हाथ में अपनी फोटो की स्केच लिए खड़े हैं। वहीं, इस फोटो पर विधायक ने कैप्सन लिखा, “प्रदेश के इतिहास में पहली बार कार्टून का स्केच”

