‘सरकारें तो आती-जाती रहेंगी लेकिन…’, हिमाचल में SDM पर भड़के BJP विधायक, नजरें झुकाकर खड़े रहे अफसर साहब, रैली फ्लॉप होता देख खीजे भाजपा के पूर्व मंत्री विपिन परमार, एसडीएम से कहा- जल्दबाजी दिखाएंगे तो हम निकालेंगे कोई और रास्ता
नूरपुर – स्वर्ण राणा
पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने के आदेश पर सोमवार को पूरे हिमाचल में भाजपा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए जगह-जगह रोषपूर्वक रैलियां निकाल कर महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपे। इसी कड़ी के चलते संगठनात्मक जिला नूरपुर में भी भाजपा के पूर्व मंत्री व सुलह विधायक विपिन परमार की अध्यक्षता में नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर तथा जवाली चारों विधानसभा क्षेत्रों से एक विशाल रैली का आयोजन किया जाना प्रस्तावित था।
लेकिन सोमवार को हुई इस रोष रैली में जहां एक तरफ भाजपा के स्थानीय बड़े नेता नादारद रहे तो दूसरी तरफ चारों विधानसभा क्षेत्रों से नाममात्र संख्या में ही कार्यकर्ता एकत्रित हो पाए। इसी बात से खीजे भाजपा नेता व पूर्व मंत्री ने एसडीएम नूरपुर को ज्ञापन देते समय हड़काते हुए यह तक कह डाला कि अगर आप जल्दबाजी दिखाएंगे तो हम कोई और रास्ता इख्तियार करेंगे, भाजपा नेता ने न तो लोगों का ख्याल किया और न ही मीडिया के कैमरों का बल्कि सबके सामने यह तक कह दिया की सरकारें तो आती जाती रहेंगी लेकिन देश के साथ न चलना अच्छी बात नहीं है।
सुदर्शन शर्मा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता के बोल
नूरपुर में भाजपा की हुई प्रदर्शन रैली में नाममात्र भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या और नूरपुर के विधायक की ही अनुपस्थिति की खीज पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार ने एसडीएम नूरपुर पर दिखाकर अच्छा व्यवहार नहीं दिखाया है। बेहतर होता वह इस मुद्दे पर मुखर होकर बात रखते। विपिन सिंह परमार बताएं उनकी पार्टी की अनेक राज्यों में सरकारें हैं। वहां शिनाख्त की क्या दशा है। केवल राजनीति के लिए ही बड़बोलापन शोभा नहीं देता।

