
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
धर्मशाला शहर के कोतवाली बाजार में खादी भंडार की दुकान में शातिर घुसा और रुपयों का बैग लेकर चलता बना। दुकानदार बाहर धूप सेंक रहा था। दुकानदार को जब शक हुआ तो वह भीतर गया और उसने बैग को चैक किया लेकिन वहां पर बैग नहीं था।
दुकानदार ने आरोपित शातिर को उसी वक्त दायें बाएं व आस पास तलाश करने की कोशिश की लेकिन उसका कोई बी पता नहीं चल सका। ऐसे में खादी भंडार के सामने वाली दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जब पड़ताल की तो सीसीटीवी में बैग को हाथ में लेकर दुकान से बाहर जाता हुआ शातिर दिखाई दिया।
इस बारे में थाना धर्मशाला में मामला दर्ज करवाया गया है, लेकिन अभी तक आरोपित पकड़ा नहीं गया है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
यह बोले खादी भंडार के दुकानदार
खादी भंडार के दुकानदार प्रमोद ने बताया कि वह धूप सेंकने के लिए दुकान के सामने बैठे थे। इस दौरान एक व्यक्ति उनकी दुकान से बैग लेकर बाहर आता हुआ दिखाई दिया, जिस पर शक हुआ उन्होंने दुकान में जाकर अलमारी के ऊपर रखे बैक को देखा, लेकिन अलमारी पर उनका बैग नहीं था।
इसके बाद आरोपित को पूरे बाजार में तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बैग में करीब छह हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज थे। सामने की दुकान में लगे सीसीटीवी से पुष्टि की तो कैमरे में काले रंग के कपड़े पहने व्यक्ति बैग के साथ दुकान से बाहर जाता हुआ दिख रहा है।
यह बोले थाना प्रभारी
धर्मशाला थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि शिकायत आई है, जिस पर पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद कुछ लोगों को पूछताछ भी की है। पुलिस जल्द अरोपित तक पहुंचेगी
