किराये के कमरे में रह रही युवती ने फंदा लगाकर की इहलीला समाप्त, जाँच में जुटी पुलिस
चम्बा – भूषण गुरुंग
जिला चंबा में एक युवती द्वारा फंदा लगाने का मामला सामने आया है । युवती ने ऐसा क्यों किया इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चंबा जिला के भरमौर उपमंडल के संचूई में किराये के कमरे में इस युवती ने फंदा लगाया है। युवती अपने परिवार के साथ यहां किराये के कमरे में रहती थी। बताया जा रहा है कि जब काफी देर तक युवती नहीं दिखी तो परिजन उसे देखने के लिए कमरे में गए, जहां उसे फंदे पर झूलते देखा।
बेटी को इस तरह देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा शव परिजनों ने आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया और मामले की सूचना पंचायत प्रधान को दी गई। जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए। पुलिस को मौके से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। जिससे यह पता नहीं चल पाया कि युवती ने आत्महत्या क्यों की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि संचूई इलाके में एक युवती ने कमरे में फंदा लगा लिया है। पुलिस ने शव पोस्टर्माम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बच्चों के साथ दोस्ताना रिश्ता बनाएं, ताकि कोई भी परेशानी होने पर बच्चे उसे अपने अभिभावकों के साथ शेयर कर सकें और इस तरह आत्महत्या जैसे कदम ना उठाएं।

