विशाल की मां उर्मिला ने बताया कि बेटे विशाल से फोन पर बात हो गई है। वह ठीक है और एम्स ऋषिकेश में भर्ती है।
मंडी – अजय सूर्या
बल्ह घाटी के बंगोट गांव के विशाल की बुधवार दोपहर को फोन पर मां उर्मिला के साथ बातचीत हुई। बेटे से बात करते ही मां उर्मिला फफक पड़ीं और बोलीं-जियो मेरे लाल। फोन पर मां ने बेटे के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। दादी गवर्धनु भी पोते की आवाज सुनकर खुश हो गईं।
टनल से सुरक्षित निकलने के बाद अब विशाल का घर पर बेसब्री से इंतजार हो रहा है। विशाल के सुरक्षित टनल से बाहर निकलने पर घर पर बधाई देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। लोग फोन पर भी विशाल की सलामती के बारे में पूछ रहे हैं।
विशाल की मां उर्मिला ने बताया कि बेटे विशाल से फोन पर बात हो गई है। वह ठीक है और एम्स ऋषिकेश में भर्ती है। बेटे की फोन पर आवाज सुनकर दिल को सुकून मिला है। बेटे से बात करने के लिए तरस गई थी। बेटे के सुरक्षित लौटने की दुआ कर रही थी। बेटे के फिलहाल एम्स ऋषिकेश में टेस्ट हो रहे हैं। यहां से छुट्टी मिलने के बाद वह घर पहुंचेगा।
उधर, टनल से बाहर निकले विशाल को देखकर पिता धर्म सिंह का भी खुशी का ठिकाना नहीं था। 17 दिन टनल के अंदर गुजारने के बाद पिता ने विशाल को स्वस्थ देखकर राहत की सांस ली।
पिता धर्म सिंह ने बताया कि फिलहाल बेटे से अधिक बातचीत नहीं हो पाई है। बेटा स्वस्थ और सुरक्षित है, इससे बढ़कर उनके लिए कुछ नहीं है। वहीं, विशाल का बड़ा भाई योगेश उत्तराखंड से मंडी के लिए रवाना हो गया है। जबकि उसके पिता धर्म सिंह बेटे विशाल के साथ हैं।
बुधवार को विशाल और अन्य मजदूरों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। जबकि पिता धर्म सिंह बस के जरिये एम्स ऋषिकेश जा रहे हैं। बता दें कि उत्तरकाशी में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विशाल के पिता धर्म सिंह और उसका बड़ा भाई योगेश मौके पर रहे।

