फतेहपुर – अनिल शर्मा
राजा का तालाब के ऐतिहासिक तालाब में साम्राज्य जमा चुकी जलकुंभी बूटी और एलिगेटर बीड्स को निकालकर जल्द ही इसे सुंदर झील का आकार देने को लेकर विभाग कमर कस लिया है। इस संबंध में एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने तालाब का निरीक्षण किया।
इस दौरान नायब तहसीलदार राजा का तालाब सुरजीत सिंह, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता विपन लूना, सहायक अभियंता अमित रंधावा, कनिष्ठ अभियंता मदन लाल शर्मा, नेरना पंचायत प्रधान सुशील कुमार, समाजसेवी रामनाथ शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
लेक मैन ऑफ इंडिया आनंद मल्लिगावाद ने बनाया रूपरेखा
एसडीएम फतेहपुर ने तालाब में कुछ स्थानीय घरों से आ रहे ड्रेन वाटर की समस्या के निवारण के लिए सभी से गहन विचार विमर्श किया और इसके स्थायी समाधान के लिए सुझाव मांगे। एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने बताया कि तालाब के जीर्णोद्धार के लिए अगले कुछ दिनों में कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।

पोकलेन के माध्यम से गाद सहित जलकुंभी बूटी और एलिगेटर बीज को निकालकर मध्य भाग में पंद्रह फीट से अधिक गहराई देकर तालाब को सुंदर झील का आकार देने की योजना है। झील आकर्षण का केंद्र बिंदु बने इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि बीते सप्ताह ही लेक मैन ऑफ इंडिया आनंद मल्लिगावाद ने राजा का तालाब के ऐतिहासिक तालाब निरीक्षण कर अधिकारियों को अपनी रूपरेखा से अवगत करवाया था। जिसको लेकर विभाग तालाब के जीर्णोद्धार को लेकर पूर्ण रूप से सक्रिय हो चुका है।
एसडीएम ने स्थानीय लोगों से किया आग्रह
इस दौरान एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती ने स्थानीय लोगों को तालाब में किसी प्रकार का कूड़ा कर्कट न डालने के लिए चेताया है, जबकि स्थानीय घरों के लोगों को अपने घरों का वेस्ट पानी तालाब में न डालने का भी आग्रह किया है। एसडीएम ने लोगों को घरों से आते ड्रेन वाटर के लिए अपने पर घर पर ही प्रबंध करने के लिए कहा है ताकि तालाब को सुंदर झील बनाने की प्रक्रिया अमल में लाई जा सके।

