दो वर्षीय युवान ने छोटी सी उम्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। युवान सिर्फ लोगो देखकर ही गाड़ियों के नाम बता देता है। युवान ने मात्र दो साल की आयु में 62 गाड़ियों के नाम बताकर रिकॉर्ड बनाया है। युवान की इस कामयाबी पर युवान के दादा-दादी नाना-नानी व माता-पिता की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं है। हर कोई उन्हें बधाई देने पहुंच रहा है।
शिमला – नितिश पठानियां
बडे़ बुजुर्ग कहते हैं ‘होनहार बिरवान के होत चिकने पात’, अर्थात जिसमें कुछ कर जाने की गुणवत्ता हो वो बचपन में ही दिख जाती है। ऐसा ही होनहार बच्चा हिमाचल प्रदेश के दो वर्षीय युवान अत्री है।
जिसका संबंध ऊना व शिमला से है। पिता चंडीगढ़ में काम करते हैं। ऊना के रक्कड़ कॉलोनी में युवान का ननिहाल है, शिमला में उसके दादा-दादी रहते हैं और चंडीगढ़ के मोहाली में पिता देवज्ञ अत्री नौकरी करते हैं।
बताना जरूरी है कि युवान मात्र दो वर्ष का है। जिसने इतनी कम आयु में इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड संस्था में अपना नाम दर्ज करवाया है। जहां संस्था ने युवान का ऑनलाइन टेस्ट लिया। जिसमें युवान ने 62 गाड़ियों के नाम महज लोगो देखकर बता दिए।
इस बच्चे के नाम था पहले ये रिकॉर्ड
युवान की खास बात यह है कि युवान गाड़ी का लोगो देखकर गाड़ी का नाम बता देगा कि कौन सी गाड़ी है। जिस कारण युवान का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में आया है। इससे पहले कर्नाटक के तीन साल के बच्चे ने अपना नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में 52 गाड़ियों के नाम बताकर दर्ज करवाया था।
वहीं, युवान ने मात्र दो साल की आयु में 62 गाड़ियों के नाम बताकर रिकॉर्ड बनाया है। युवान की इस कामयाबी पर युवान के दादा-दादी, नाना-नानी व माता-पिता की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं है।
युवान को है गाड़ियों से लगाव
अभी युवान अपने ननिहाल रक्कड़ कॉलोनी के ग्रीन रेवन्यू में है। जहां युवान और उसके माता-पिता, नाना-नानी को बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, पिता देवज्ञ अत्री व माता पायल अत्री ने बताया कि शुरू से ही युवान को गाड़ियों की फोटो और वीडियो देखना बहुत पसंद था। इसलिए हमने जब युवान की गतिविधियों की और ध्यान देना शुरू किया और नोटिस किया कि युवान वीडियों में गाड़ियों के लोगो देखकर गाड़ी की पहचान कर रहा है और जोकि सही भी है।
इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड और लिम्का बुक रिकॉर्ड में किया आवेदन
उन्होंने कहा कि इसके बाद हमने इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड व लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में आवेदन किया। हमें इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड का जवाब आया और संस्था ने युवान का ऑनलाइन टेस्ट लिया। जिसमें युवान ने 62 गाड़ियों के लोगो पहचान कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। अब युवान लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में टेस्ट देने के लिए तैयारी कर रहा है।
युवान की इस उपलब्धि पर नाना विजय आंगरा जोकि ऊना शहर में उचित मूल्य की दुकान चलाने के साथ-साथ समाजसेवी भी हैं, उन्होंने कहा की उन्हें अपने नाती की इस कामयाबी पर हार्दिक प्रसन्नता है और लोग उनको बधाइयां दे रहे हैं। उनको युवान पर गर्व हो रहा है कि युवान ने इतनी कम आयु में ही यह सब कर दिखाया है।

