हिम खबर डेस्क
आपकी आवाज को साइबर अपराधी किसी भी व्यक्ति को ठगी का शिकार बनाने में प्रयोग कर सकते हैं। इस दौरान साइबर अपराधी आपकी आवाज और फोटो का इस्तेमाल करके आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का इस्तेमाल कर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
ऐसे में किसी व्यक्ति या रिश्तेदार की ओर से वॉयस या वीडियो कॉल प्राप्त करने के बाद पुन: पुष्टि करें कि क्या आपने किसी प्रकार के पैसे की मांग की है या नहीं।
आम जनता की जागरूकता के लिए एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने इस संदर्भ में जानकारी साझा की है, इस दौरान उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की बहुत सी एप बन गई हैं।
ऐसे में यदि किसी के पास आपकी आवाज है, चाहे वह चार ही सेकेंड की क्यों न हो, उसके माध्यम से भी शातिर ठगी कर सकते हैं। आपको यही आभास होगा कि आपका कोई रिश्तेदार या दोस्त ही आपको फोन कर रहा है। इस तरह से भी आपकी आवाज को इस्तेमाल करके साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया जा रहा है।

यही नहीं, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म से आपकी फोटो डाउनलोड करके लिप मूवमेंट के हिसाब से भी साइबर फ्रॉड किया जा रहा है।
इस तरह से शातिर ठग किसी भी आवाज या फोटो को प्रयोग कर दुर्घटना, स्वास्थ्य संबंधी समस्या या अन्य कोई कारण बताकर लोगों से पैसे ऐंठने का काम कर रहे हैं।

