
ज्वाली/भलाड – शिबू ठाकुर
विस क्षेत्र ज्वाली के अधीन पंचायत बनोली के बाशिंदे आजादी के 75 वर्ष बीत जाने के बाद भी पक्की सड़क सुविधा से महरूम हैं। आज भी लोग काला पानी की सजा काट रहे हैं। बनोली पंचायत के लोगों का कहना है कि वर्ष 2003 में तत्कालीन मंत्री डॉ राजन सुशांत द्वारा गांव के लिए बनोली से भाटी-डुगलु-बासा-कोठा-हरनेरा सड़क निकाली गई थी लेकिन आजतक इसको पक्का नहीं किया गया है।
इस मार्ग को बनाने के लिए लोगों ने अपनी जमीनें भी विभाग को दे दी हैं लेकिन इसके बाद भी मार्ग पक्का नहीं हुआ है। इसकी स्थिति इतनी दयनीय है कि काफी सालों से यह सड़क टूटी हुई है और बरसात में तो इस स्थिति काफी दयनीय हो गई है। इस मार्ग पर गाड़ियां लेकर गुजरना तो दूर, पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है।
पक्की सड़क न होने के कारण मरीज को पालकी में डालकर या कन्धों पर उठाकर करीबन 9 किलोमीटर लाना पड़ता है तब जाकर एंबुलेंस की सुविधा नसीब हो पाती है। कई बार तो मरीज पक्की सड़क तक पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देता है।
लोगों ने कहा कि कांग्रेस राज में भी अनदेखी होती रही और अब भाजपा राज में भी अनदेखी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक अर्जुन सिंह को भी इस समस्या बारे अवगत करवाया गया लेकिन आश्वासन ही मिलते रहे। हमारी पंचायत की अनदेखी होती रही है। गांववासियों ने कहा कि अगर हमारी सड़क को एक माह में पक्का नहीं किया गया तो इस बार चुनावों का बहिष्कार करेंगे।
अधिशाषी अभियंता जगतार सिंह के बोल
इस बारे में लोक निर्माण विभाग ज्वाली के अधिशाषी अभियंता जगतार सिंह ने कहा कि इस मार्ग को जल्द ही पक्का किया जाएगा।
