हिमखबर डेस्क
लडभड़ोल बस स्टैंड के समीप रविवार दोपहर हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस के इंजन में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि यात्रियों की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के समय बस में मौजूद सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एचआरटीसी की बस बैजनाथ से संधोल रूट पर जा रही थी। रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे बस जब लडभड़ोल बस स्टैंड के पास पहुंची तो चालक और परिचालक बस खड़ी करके खाना खाने के लिए पास के एक ढाबे में चले गए। इसी बीच बस में बैठे कुछ यात्रियों ने इंजन से अचानक धुआं उठता देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बस में मौजूद सवारियों ने तुरंत इसकी सूचना ढाबे में मौजूद चालक-परिचालक को दी। इसके साथ ही सभी यात्री दिखाते हुए सुरक्षित बस से नीचे उतर गए।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बिना कोई देरी किए पानी और मिट्टी की मदद से इंजन में लगी आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बस में सफर कर रहे यात्री सीमा देवी, ओमपाल धीमान, नरेश कुमार, व्यास देवी और निशु देवी ने बताया कि इंजन से धुआं उठता देख उन्होंने तुरंत चालक-परिचालक को सतर्क किया और खुद भी आग बुझाने में मदद की।
बाल-बाल बचे इन यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन के रखरखाव पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि रूटों पर भेजी जाने वाली बसों की नियमित और सही तरीके से जांच की जाए, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।
शशांक धीमान, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी बैजनाथ के बोल
बैजनाथ-सांडापत्तन-संधोल रूट की बस के इंजन में आग लगने का मामला ध्यान में आया है। गनीमत रही कि कोई नुकसान नहीं हुआ। बस में अचानक आग किन कारणों से लगी, इसका पता लगाया जा रहा है।

