शिमला – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश की ठंडी वादियों में बुधवार को सियासी तपिश देखने को मिली। अब शाम का वक्त हो चला है और यहां पर अब सियासी उठापटक पर थोड़ा विराम लगा है। हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र खत्म हो गया।
वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू विधानसभा से निकल गए हैं। वह शिमला के तारा देवी मंदिर में माथा टेकने पहुंचे और यहां पर पूजा अर्चना की। वहीं, कांग्रेस के बागी विधायक एक बार फिर से हरियाणा के पंचकूला लौट आए हैं।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के 6 बागी और 3 निर्दलीय विधायक बुधवार को शिमला पहुंचे और यहां पर उन्होंने हिमाचल विधानसभा में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल से मीटिंग की।
इसके अलावा, स्पीकर कुलदीप पठानिया से भी ये सभी मिले। लाहौल स्पीति से विधायक रवि ठाकुर ने तो यहां तक कह दिया था कि वह कांग्रेस नहीं, भाजपा के विधायक हैं।
सभी विधायक बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर के जरिये पंचकूला से शिमला पहुंचे थे लेकिन फिर दोपहर बाद शिमला से पंचकूला उसी हेलिक़ॉप्टर में लौट आए। इस दौरान इन्होंने पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के साथ लंच भी किया।
हिमाचल विधानसभा के स्पीकर कुलदीप पठानिया ने कहा कि जब कटौती प्रस्ताव के ऊपर वोट होना था। कांग्रेस के पास बहुमत था लेकिन 6 बागी अंदर नहीं थे। जो एंटी डिफेक्शन लॉ के प्रोविशनो को अट्रैक्ट करता है। उन्होंने कहा कि मेरे साथ भी मैन हैंडलिंग के प्रयास हुए हैं। यह सारा सत्ता पक्ष-विपक्ष का खेल है। दोनों तरफ के वकील सुनवाई में शामिल हो रहे हैं और फिर मैं अपना आर्डर दूंगा। अगर कोई व्हिप का उल्लंघना करता है तो दलबदल कानू लगता है।
कांग्रेस के सीनियर नेता राजीव शुक्ला शिमला के सिसिल होटल में पहुंचे हैं और उन्होंने कहा कि सरकार स्थिर है। सरकार को कोई खतरा नहीं है। यहीं पर सीएम सुक्खू और ऑब्जर्वर की मीटिंग होगी।
दिन भर होता रहा हंगामा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बुधवार को जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई तो हंगामा हो गया। स्पीकर ने भाजपा के पंद्रह विधायकों को सदन से निष्कासित कर दिया। इनमें जय राम ठाकुर सहित अन्य विधायक थे। इस बीच कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित की गई। फिर दोबारा कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस विधायक सदन नहीं पहुंचे।
इस बीच भाजपा के निष्कासित विधायकों ने सदन के अंदर जमकर हंगामा किया। आलम यह हुआ कि मार्शल ने एक एक भाजपा विधायक को सदन से बाहर का रास्ता दिखाया। करीब दो घंटे तक सदन के अंदर गहमा गहमी चलती रही। बाद में बजट पास करने की प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन भाजपा ने वॉकऑउट कर दिया।
विधानसभा से निकले बागी
इस दौरान कांग्रेस के बागी छह विधायक सदन से नदारद रहे और भाजपा विधायकों की गाड़ियों में वह विधानसभा से निकल गए। फिलहाल, अब सभी बागी और निर्दलीय विधायक पंचकूला पहुंच गए हैं। इनके साथ भाजपा विधायक राकेश जम्वाल, विक्रम ठाकुर मौजूद हैं।
वहीं, कांग्रेस के ऑब्जर्वर भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरेजवाला और डीके शिवकुमार भी शिमला के सिसिल होटल पहुंच गए हैं। ये सभी दोपहर एक बजे चंडीगढ़ से शिमला रवाना हुए थे।

