भरमौर – अनिल संबियाल
उतर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा में इस मर्तबा श्रृद्धालुओं को बीएसएनएल की मोबाइल और इंटरनेट सेवा का लाभ मिलेगा। इसके लिए निगम प्रबंधन दो मोबाइल टावर स्थापित करने जा रहा है। बशर्ते प्रशासन इन टावरों को स्थापित करने के लिए जमीन मुहैया समय रहते करवाए।
मंगलवार को उपमंडल मुख्यालय भरमौर में एक पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए बीएसएनएल के राज्य के चीफ जनरल मैनेजर जीएस सहौता ने यह खुलासा किया है।
उन्होंने कहा कि देश के 26 हजार गांवों में शीघ्र ही 4जी सुविधा हो जाएगी, जबकि हिमाचल प्रदेश के 2500 गांव में बीएसएनएल 603 टॉवर लगाएगा। उन्होंने कहा कि चंबा में 94 व भरमौर के तीनों विकास खंड भरमौर , मैहला व पांगी में 41 टॉवर लगेंगे।
इनमें भरमौर में ही 16 टॉवर स्थापित होने हैं, जिसके लिए वन विभाग को भूमि हेतु प्रस्ताव दे दिए हैं और इनमें तीन को मंजूरी भी मिल चुकी है। मंजूरी मिलते ही हर गांव को शीघ्र ही 4जी सुविधा मुहैया करवा दी जाएगी।
उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री ने भी जनजातीय क्षेत्रों को जल्दी से जल्दी इस सुविधा से जोडऩे के आदेश दिया है। एक टॉवर को लगाने के लिए भारत सरकार की ओर से डेढ़ करोड़ रुपए ख़र्च किए जाएंगे।

