मंडी, 14 अगस्त – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश ‘मंडी जनपद’ में बारिश ने गहरे जख्म दिए हैं। शाम साढ़े 6 बजे तक के समाचार के मुताबिक अलग-अलग दुखद घटनाओं में 19 की मौत की तस्दीक कर ली गई है। इसके अलावा 8 के लापता होने की खबर है।
राज्य में मानसून सीजन के दौरान सबसे ज्यादा प्रलयकारी दिन 14 अगस्त का रहा। मंडी में 24 घंटे के दौरान तीन भूस्खलन व चार बादल फटने की घटनाओं ने 19 लोगों को लील लिया।
समूची मंडी घाटी की आंखें नम हैं। मामूली सी बारिश भी सिहरन पैदा कर देती है। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बारिश की बूंदे डर लेकर आती हैं।
उप तहसील कटोला में मृतकों का आंकड़ा 7 मिला हैै। ये भी सामने आया है कि कटोला के अंतर्गत सेगली पंचायत के कलेशधार गांव में एक घर में कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद 17-18 लोग इसी घर में ठहरे हुए थे। 7 शव बरामद हुए हैं। 6 घायलों को मंडी अस्पताल भेजा गया है। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
दो साल का बेटा कोनिक अपने 28 वर्षीय पिता के साथ जीवित ही दफन हो गया। 7 वर्षीय बच्ची तुुगेश्वरी अपनी मां कमला देवी के साथ मौत के आगोश में समा गई। अन्य मृतकों की पहचान 19 वर्षीय गायत्री देवी पत्नी गुरदयाल, 18 वर्षीय रीना देवी पुत्री तुलसीराम व 63 वर्षीय हीरामणि पत्नी डोले राम के तौर पर की गई है।
एनडीआरएफ की टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में घंटों का वक्त लग गया। मृतक बंबोला गांव के रहने वाले हैं। 6 शवों को पंडोह के समीप सांभल में मलबे के ढेर से बरामद किया गया है। समूचे जनपद में अलग-अलग घटनाओं में अफरा-तफरी रही। ये भी समझ नहीं आ रहा था कि हो क्या रहा है।
जानकारी के मुताबिक धर्मपुर में 2, सरकाघाट में एक, बल्ह में एक व मंडी सदर में भी एक व्यक्ति की मौत बारिश की वजह से हुई है। मंडी सदर के मंझवाड़ के दो व सांभल में एक व्यक्ति लापता है। निहरी गांव में शाम एक और शव मिलने से मृतकों का आंकड़ा 19 जा पहुंचा। शाम तक भी प्रशासनिक अमला ये बताने की स्थिति में नहीं था कि मलबे में कितने लोग दबे हुए हैं।

सरकाघाट के दारपा गांव में मृतक महिला की पहचान 42 वर्षीय मंजू देवी के तौर पर की गई है। धर्मपुर उपमंडल के सकलानिस गांव में भूस्खलन की घटना में मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रिंकू देवी व 50 वर्षीय प्रभाश के तौर पर हुई है।
बल्ह में बादल फटने की घटना हुई। इसमें 22 वर्षीय अक्षद पुत्र मोहन लाल की मृत्यु हुई है। मंडी सदर में भूस्खलन व बादल फटने की घटनाओं में 59 वर्षीय शनिचरी देवी पत्नी अमर चंद निवासी रैडधार व 55 वर्षीय विक्रम पुत्र गंगूराम निवासी मझवाड़ के तौर पर हुई है। पंडोह में 6 मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

