दिए तले अंधेरा कहावत को चरितार्थ कर रहा लोक निर्माण विभाग हरीपुर, कार्यालय से 50 मीटर दूर सड़क के नहीं दिख रहे गड्ढे, गार्ड हट बनखंडी सड़क बेहाल पर विभाग को नहीं कोई ख्याल।
देहरा – शिव गुलेरिया
जिस समय हरीपुर में लोक निर्माण विभाग का उपमंडल खुला था तो लोगों में यह उम्मीद जागी थी कि अब क्षेत्र की सड़कों की दशा का सुधार समय समय पर हो जाया करेगा। परंतु पता नही विभाग किस नींद में सोया है कि सहायक अभियंता के कार्यालय से मात्र 50 मीटर दूर पुलिस थाना के समीप सड़क की दुर्दशा को देख कर भी अनदेखा कर रहा है।
या हो सकता है कि शायद किसी दुर्घटना का इंतज़ार कर रहा है। उक्त सड़क पर चढ़ाई व मोड़ पर सड़क का नामोनिशान मिट चुका है पर विभाग किसी भी प्रकार की कार्यवाही करने को तैयार नहीं है।
इसके साथ साथ हरिपुर से रानी महल और रानी महल से पारला बासा तक गार्ड हट बनखंडी सड़क की हालत देखो तो इतने खराब हो चुके हैं की जगह जगह से उखड़ी सड़क वाहन चालकों के लिए चुनौती बनी हुई है ।
लेकिन गर्मियां बीत चलीं बरसात सर पर है पर लोक निर्माण विभाग अभी तक इस सड़क को न तो दरुस्त कर पाया और न ही नालियों की व्यवस्था कर पाया है।
रानी महल से सत्संग घर तक साल भर पहले बनी नालियों का नामोनिशान मिट चुका है।इसके बावजूद विभाग ने उक्त नालियों को बनाने वाले ठेकेदार के विरूद्ध कोई भी कार्यवाही नहीं की है। अब इसमें जिम्मेदार कौन है ये एक बहुत बड़ा प्रश्न है।
बासा में पानी की स्कीम से पठानिया मोहल्ला तक सड़क अपनी किस्मत का रोना रो रही है । लोगों ने विभाग से आग्रह किया है की इस व्यस्त सड़क को जल्द से जल्द ठीक किया जाए ।
सहायक अभियंता गुरवचन सिंह के बोल
जब इस बारे में सहायक अभियंता गुरवचन सिंह से पता किया गया तो उन्होंने कहा कि हरिपुर रेस्ट हाउस से लेकर जहां जहां सड़क खराब है वहां विभाग शीघ्र ही पैच वर्क करने जा रहा है ।
बाकी गार्ड हट से लेकर बाया बासा मेहवा बनखंडी तक इस सड़क का सतरौन्नयन प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत किया जाना है जो स्टेट से अप्रूव हो चुकी है अब केंद्र सरकार से अप्रूव होना बाकी है । जैसे ही अप्रूवल आती है सड़क को बना दिया जाएगा ।

