हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने टीजीटी आर्ट्स (पोस्ट कोड 25001) के 425 पदों को भरने के लिए 12 से 20 जनवरी तक आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 632 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 16 अप्रैल से आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी फोटो प्रतियों के दो-दो सैट और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
इन पदों के लिए कुल 44,155 आवेदन प्राप्त हुए थे। इन सभी आवेदनों को अनंतिम रूप से स्वीकार कर लिया गया था। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट में 38,220 उम्मीदवार उपस्थित हुए, जबकि 5,935 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। 632 उम्मीदवारों को आगे की चयन प्रक्रिया/दस्तावेज सत्यापन के लिए अनंतिम रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है।
16 अप्रैल को होगा दस्तावेजों का सत्यापन
शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की पात्रता आदि से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन 16 अप्रैल को सुबह 10.00 बजे से राज्य चयन आयोग हमीरपुर के परिसर में किया जाएगा। उम्मीदवारों को निर्देश दिया जाता है कि वे पात्रता से संबंधित सभी मूल दस्तावेज, सभी दस्तावेजों की स्व सत्यापित प्रतियों के 2 सेट, एक आईडी प्रूफ और डाउनलोड किए गए आवेदनपत्र की प्रति साथ लाएं। यदि कोई उम्मीदवार दस्तावेज सत्यापन के लिए निर्धारित दिन उपस्थित नहीं होता है, तो उसे आगे की चयन प्रक्रिया के लिए विचार नहीं किया जाएगा और उसके बाद कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम उचित समय पर राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। उम्मीदवारों को उनके संबंधित ईमेल आईडी के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा, जो उन्होंने आयोग को उपलब्ध/प्रदान किए हैं। इस संबंध में डाक के माध्यम से कोई अलग से कॉल लेटर नहीं भेजा जाएगा।

