उत्तराखंड सरकार ने विशाल व उसके पिता धर्म सिंह को घर भेजने की विशेष व्यवस्था की है, स्वास्थ्य जांच के बाद वीरवार दोपहर बाद विशाल को एम्स ऋषिकेश से छुट्टी मिल गई है, उत्तराखंड सरकार हिमाचल के प्रवेश द्वार पांवटा साहिब में सिरमौर जिला प्रशासन को सौंपेगी।
हिमखबर डेस्क
पहाड़ जैसा हौसला रख उत्तराखंड की सिलक्यारा सुरंग में 17 दिन बाद जिंदगी की जंग जीतकर मंडी जिले के बल्ह विधानसभा के डहणू का विशाल शुक्रवार को अपने घर वापस आ गया है।
उत्तराखंड सरकार ने विशाल व उसके पिता धर्म सिंह को सही सलामत घर पहुंचाया। वह सड़क मार्ग से घर आया है। प्रदेशवासियों ने विशाल का भव्य स्वागत किया। मां उर्मिला ने अपने लाल की उतारी आरती और उसे गले लगाया। वहीं दादी व चाची ने फूल माला पहना बैंडबाजे के साथ किया स्वागत।

स्वास्थ्य जांच के बाद वीरवार दोपहर बाद विशाल को एम्स ऋषिकेश से छुट्टी मिली। विशाल व उसके पिता धर्मसिंह अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद खुश है। बाप बेटा एक दूसरे के गले मिलकर भावुक हुए। धर्म सिंह ने बताया अस्पताल प्रशासन गहन स्वास्थ्य जांच के बाद विशाल को छुट्टी दी है।
उर्मिला देवी ने बताया की भगवान,कुल देवता बाढू बाडा व देव कमरूनाग की कृपा से विशाल जिंदगी की जंग जीत कर मौत के मुंह से वापस आया है। विशाल के लिए मांगी मन्नत पूरी होने पर स्वजन अब देव बाढू बाडा को घर बुलाकर धाम का आयोजन करेंगे।
विशाल के घर लौटने पर वहां पर जश्न का माहौल है। ढोल नगाड़ों से जहां विशाल का स्वागत हुआ। वहीं, मां ने अपने लाड़ले की आरती उतारी। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी विशाल का स्वागत करने के लिए घर पहुंचे।

