जसुर में गड्ढे में गिरी कार,एक की गई जान 3 घायल, डीएसपी नूरपूर विशाल वर्मा ने की पुष्टि, पठानकोट से जसुर की ओर आ रहे थे,एक ही परिवार के सभी सदस्य
नूरपुर – स्वर्ण राणा
कांगड़ा जिला की नूरपुर तहसील के अंतर्गत नगाबाड़ी में एक ऑल्टो कार (DL 8 CNB 8069) अनियंत्रित होकर सड़क से पलटकर गड्ढे में गिर गई।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई और तीन घायल हुए हैं। यह सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं और नूरपुर तहसील की कमनाला पंचायत के रहने वाले हैं।
बता दें कि सभी लोग पठानकोट से जसूर की तरफ आ रहे थे। आज करीब 2 बजे नगाबाड़ी में चालक अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़ककर गड्ढे में गिर गई। कार में चार लोग ही सवार थे।
इसमें सीताराम (75) की मौके पर ही मौत हो गई, उनकी पत्नी सागरी देवी (70), बेटा विनीत कुमार (45) और पोती महक ठाकुर (8) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को नूरपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया।
नूरपुर पुलिस अनुसार यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।

