
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
देवभूमि हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर आज से उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो कि 25 अक्तूबर तक जारी रहेगी। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में एक भी आवेदन ऑनलाइन व ऑफलाइन नहीं हुआ है। चुनाव आयोग ने यह प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही स्तर पर रखी हुई है।
नामांकन सार्वजनिक अवकाश के दिन नहीं भरे जा सकेंगे, इसके अलावा हर उम्मीदवार को नामांकन पत्र के साथ जमानत के तौर पर 10 हजार की राशि भी जमा करवानी होगी, जिसमें एससी और एसटी वर्ग को चुनाव आयोग की ओर से रियायत दी गई है, यानी एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवार जमानत राशि के तौर पर महज पांच हजार रुपए ही जमा करवाएंगे।
धर्मशाला की एसडीएम शिल्पी वेक्टा ने कहा नोमिनेशन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से लेकर 3 बजे तक ही रखी गई है।उन्होंने कहा कि नोमिनेशन के लिए चुनाव आयोग की ओर से उम्मीदवारों को सुविधा पोर्टल भी दिया गया है, जिसके तहत उम्मीदवार आसानी से ऑनलाइन भी अपना पर्चा दाखिल कर सकता है।
इसके अलावा कोई ऑफलाइन आकर अपना पर्चा दाखिल करना चाहे, तो वह अपने साथ नामांकन दाखिल करने वाली फॉर्म, हलफनामा पत्र और फॉर्म नंबर 26 लेकर आएगा, जिसे हम यहां अपलोड करेंगे।
इसके अलावा धर्मशाला निवासी उम्मीदवार मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम की कॉपी भी साथ लाएंगे अगर कोई बाहरी उम्मीदवार धर्मशाला में नामांकन करते हैं, तो उन्हें अपने साथ अपने मतदाता सूची में शामिल नाम की प्रमाणित कॉपी साथ लानी होगी, मगर गौर हो कि वो उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश के ही किसी हिस्से का होना चाहिए।
