Home अन्य ककीरा में वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला, 1.69 करोड़ से बनेगी...

ककीरा में वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला, 1.69 करोड़ से बनेगी अग्निशमन व्यवस्था

1114

चंबा के ककीरा में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 28 लाख रुपये से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी, अग्निशमन व्यवस्था के लिए 1.69 करोड़ स्वीकृत, स्वास्थ्य केंद्र भी होगा स्तरोन्नत।

चम्बा – भूषण गुरूंग 

प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को भाटियात विधानसभा क्षेत्र के ककीरा कस्बे में 28 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी।

इस दौरान उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि ककीरा एवं बकलोह क्षेत्र का भारतीय सेना में विशेष योगदान रहा है। यहां अनेक परिवारों की पीढ़ियां सेना में सेवाएं देकर देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए समर्पित रही हैं।

विकसित भारत के लिए राज्यों का आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी

जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्यों का आर्थिक रूप से सशक्त होना अनिवार्य है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश और चंबा जिले के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से केंद्र सरकार को प्राप्त होने वाले राजस्व में प्रदेश को अनुपातिक हिस्सा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण द्रमण-चुवाड़ी-चंबा-तीसा-पांगी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत लाने तथा प्रस्तावित सुरंगों के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न करने के बजाय केंद्रीय जनप्रतिनिधियों को सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

ककीरा में अग्निशमन व्यवस्था के लिए 1.69 करोड़ रुपये स्वीकृत

विधानसभा अध्यक्ष ने ककीरा एवं आसपास के क्षेत्रों में जारी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ककीरा कस्बे में हाइड्रेंट आधारित प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था स्थापित करने के लिए 1 करोड़ 69 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस व्यवस्था के तहत दो लाख लीटर से अधिक पानी के भंडारण की सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है, जिससे आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं के दौरान प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि ककीरा स्वास्थ्य केंद्र को स्तरोन्नत किया जाएगा तथा कस्बे में मल निकासी योजना के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सड़क नेटवर्क के विस्तार को लेकर भी विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं।

पूर्व सैनिक लीग ने किया सम्मानित

कार्यक्रम से पहले हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन पूर्ण सिंह थापा ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को सम्मानित किया और स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।

ये रहे मौजूद 

इस अवसर पर पूर्व सैनिक लीग के सूबेदार भीम बहादुर गुरंग, कैप्टन खजान सिंह, कैप्टन सागर गुरंग, कैप्टन नारायण सिंह गुरंग और कैप्टन किशन सिंह गुरंग सहित सदस्य निदेशक राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय कंवर, जिला यूथ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाढक, जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तरुण मल्होत्रा, राजीव कौशल, एसडीएम मनीष सोनी, डीएसपी शेर सिंह, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर, नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here