
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश भाजपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के टिकट फाइनल कर दिए हैं। कई विधायकों के टिकट कट गए हैं। प्रदेश में कई जगह विद्रोह भी देखने को मिल रहा है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह हलके बिलासपुर से विधायक सुभाष ठाकुर का भी टिकट कट गया है। वीरवार को वह अपने समर्थकों के साथ मिले तो उनके आंसू छलक आए।
सुभाष ठाकुर इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों के आंसू निकल आए। सुभाष ठाकुर ने कहा मैंने ईमानदारी से भाजपा संगठन और जनता का काम किया। टिकट देना पार्टी का काम, लेकिन क्यों काटा गया।
जनता के पास हाईकमान को इसका जवाब देना होगा। इस दौरान उनके समर्थन में पहुंचे 10 पंचायतों के कार्यकर्ता भी मायूस नजर आए और भावुक होकर उनके जिंदाबाद के नारे लगाए।
बता दें कि भाजपा ने इस बार सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुभाष ठाकुर का टिकट काटा है और उनकी जगह मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल को चुनावी मैदान में उतारा है।
